Passport Seva Kendra in Kotdwar: भारत सरकार के विदेश मंत्रालय एवं भारतीय डाक विभाग द्वारा संचालित डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र का कोटद्वार स्थित तहसील परिसर में उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय विदेश एवं वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने शनिवार को कोटद्वार में डाक एवं पासपोर्ट सेवा केंद्र का शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत गढ़वाली भाषा में मेरू दीदि भुल्यों तै नमस्कार से की। इस अवसर पर विदेश राज्यमंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने कहा कि कोटद्वार में पासपोर्ट सेवा केंद्र खुलने से गढ़वाल के लोगों को देहरादून और अन्य शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। केंद्र सरकार छोटे शहरों व दूर दराज के क्षेत्रों को भी डाक एवं पासपोर्ट सेवा केंद्र के माध्यम से पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि कोटद्वार में यह पासपोर्ट केंद्र सांसद बलूनी के प्रयासों से ही संभव हुआ है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी एवं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण उपस्थित रहे। इस अवसर पर 12 आवेदकों के पासपोर्ट तैयार कर मुख्य अतिथि द्वारा संबंधित व्यक्तियों को वितरित किए गए।
गढ़वाल सांसद ने कहा कि वर्ष 2026 गढ़वाल के लिए ऐतिहासिक रहेगा और इस वर्ष अनेक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट सेवा केंद्र खुलने से लोगों को देहरादून आने-जाने में लगने वाला समय बचेगा। उन्होंने कण्वाश्रम के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वहां एक भव्य स्मारक स्थापित किया जाएगा। साथ ही चिल्लरखाल–लालढांग मोटर मार्ग का मार्ग प्रशस्त हो चुका है तथा कंडी मोटर मार्ग को रामनगर से जोड़े जाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही कोटद्वार से वंदे भारत रेल सेवा प्रारंभ करने का प्रयास किया जाएगा तथा पौड़ी को जोड़ने के लिए सुरंग निर्माण की भी योजना है। जोशीमठ एवं पौड़ी में खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा तथा जनपद के कुछ विकासखंडों को जैविक विकासखंड घोषित कर कृषि को सुदृढ़ किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्षा ने कोटद्वार क्षेत्र की प्रमुख जनहित मांगों का उल्लेख करते हुए पीजीआई स्तर के बड़े अस्पताल की स्थापना, कोटद्वार रेलवे स्टेशन का नाम “कण्वनगरी स्टेशन” किए जाने, कोटद्वार से देहरादून एवं लखनऊ सहित अन्य प्रमुख शहरों के लिए नयी रेल सेवाएं प्रारंभ करने तथा कण्वाश्रम के समग्र विकास की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इन मांगों के पूर्ण होने से कोटद्वार क्षेत्र के विकास को नयी दिशा मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य, पर्यटन एवं परिवहन सुविधाएं प्राप्त होंगी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक लैंसडाउन दिलीप सिंह रावत, पौड़ी राजकुमार पोरी, महापौर कोटद्वार शैलेन्द्र सिंह रावत, राज्य मंत्री ऋषि कंडवाल, राजेन्द्र अन्थवाल, विदेश मंत्रालय से संयुक्त सचिव एस. कोवेंथन, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी देहरादून अनुज स्वरूप, डाक विभाग से निदेशक अनुसूया प्रसाद चमोला, जिला अध्यक्ष भाजपा राजगौरव नौटियाल सहित अन्य गणमान्य अतिथि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



