Pradhan Mantri Rashtriya baal puraskar 2026

pradhan mantri rashtriya baal puraskar 2026: बच्चों की असाधारण प्रतिभा, नवाचार और समाज के प्रति उनके योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार है जो प्रतिवर्ष राष्ट्रपति द्वारा देश भर के बच्चों की असाधारण उपलब्धियों को मान्यता देने के लिए प्रदान किया जाता है। यह पुरस्कार उन बच्चों को दिया जाता है जिन्होंने वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण, खेल, कला और संस्कृति तथा विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी जैसी श्रेणियों में उत्कृष्टता प्रदर्शित की है। नामांकन प्रक्रिया इस वर्ष 31 जुलाई तक 5 से 18 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए है।

इच्छुक प्रतिभागी एवं उनके अभिभावक/संस्थाएं 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। नामांकन केवल आधिकारिक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (https://awards.gov.in/) के जरिए ही स्वीकार किए जाएंगे।

सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए स्व-नामांकन (Self Nomination) के साथ-साथ अनुशंसा (Recommendation) के आधार पर भी आवेदन किए जा सकते हैं। यह पुरस्कार देशभर के उन बच्चों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

किन क्षेत्रों में दिए जाते हैं पुरस्कार

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विभिन्न श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • नवाचार (Innovation)
  • शैक्षणिक उत्कृष्टता (Scholastic Achievement)
  • कला एवं संस्कृति (Art & Culture)
  • खेल (Sports)
  • सामाजिक सेवा (Social Service)
  • वीरता (Bravery)

पात्रता मानदंड

  • आवेदक की आयु 5 से 18 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
  • उपलब्धि असाधारण एवं प्रेरणादायक होनी चाहिए।
  • नामांकन वर्ष 2026 के लिए पात्रता उसी अवधि की उपलब्धियों के आधार पर होगी।

आवेदन प्रक्रिया

  • आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होगा।
  • उम्मीदवार को राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर आवश्यक विवरण भरना होगा।
  • उपलब्धियों से संबंधित दस्तावेज, प्रमाण-पत्र और वीडियो/फोटो अपलोड करने होंगे।
  • सभी जानकारी सही एवं प्रमाणित होनी चाहिए, अन्यथा आवेदन निरस्त किया जा सकता है।

चयन प्रक्रिया और पुरस्कार

प्राप्त नामांकनों की जांच विशेषज्ञ समिति द्वारा की जाएगी। चयनित बच्चों को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाता है। पुरस्कार में प्रमाण-पत्र, मेडल और नकद राशि शामिल होती है। इसके अलावा विजेताओं को देश के सर्वोच्च नेतृत्व से मिलने का अवसर भी मिलता है, जो उनके लिए एक प्रेरणादायक अनुभव होता है।

सरकार की अपील

सरकार ने अभिभावकों, शिक्षकों और संस्थाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक प्रतिभाशाली बच्चों को इस पुरस्कार के लिए नामांकित करें, ताकि देश के उभरते हुए नायकों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार न केवल बच्चों की प्रतिभा को पहचान देने का माध्यम है, बल्कि यह उन्हें आगे बढ़ने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित भी करता है। इच्छुक उम्मीदवार समय रहते 31 जुलाई 2026 से पहले अपना आवेदन अवश्य पूरा करें।