पौड़ी: जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ पौड़ी ने मंगलवार को 13 सूत्रीय मांगों को लेकर ब्लाकों में उपशिक्षाधिकारी दफ्तरों पर धरना दिया। संघ ने इस मौके पर उपशिक्षाधिकारियों के माध्यम से प्रधानमंत्री को भी ज्ञापन भेजा। जिसमें शिक्षकों को टीईटी परीक्षा की बाध्यता से निजात दिलाने की गुहार लगाई गई। साथ ही सीएम और शिक्षा मंत्री को भी 13 सूत्रीय मांग पत्र भी भेजा गया।

जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष भगत भंडारी ने कहा संघ पिछले लंबे समय से मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन अभी तक इन पर कोई कदम नहीं उठ पाया है। संघ के चरणबद्ध आंदोलन के तहत मंगलवार को जिले के सभी ब्लाक

मुख्यालयों में इन मांगों को लेकर शिक्षकों ने उप शिक्षाधिकारी दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपे है। मंगलवार को एक दिवसीय धरना प्रस्तावित किया गया था। इसके बाद 18 मई को जिला मुख्यालय पर डीईओ बेसिक दफ्तर पर संघ से जुड़े सभी शिक्षक धरना देंगे। मांगों को लेकर उप शिक्षाधिकारी पौड़ी सहित कोट, कल्जीखाल, पाबौ, खिसू, एकेश्वर ब्लाकों में धरना दिया है।

उप शिक्षाधिकारी पौड़ी के कार्यालय में धरना देने वालों में ब्लाक अध्यक्ष रश्मि बिष्ट, कुलदीप सिंह, विपिन चंद्र, मनमोहन चौहान, धनेश्वरी भट्ट, ऊषा रावत, मंजू नौटियाल, एसएस रावत, प्रताप राणा, कमल उप्रेती आदि थे।