गाजियाबाद: लोनी (गाजियाबाद) के रामपार्क विस्तार स्थित उत्तराखंड समाज की होनहार बेटियों ने सीबीएसई कक्षा 12वीं परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र एवं समाज का गौरव बढ़ाया है। सर्वोदय विद्यालय, रामपार्क विस्तार की छात्रा कुमारी सिमरन गुसाईं, पुत्री कुलदीप सिंह गुसाईं ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। वहीं Zennext Public School की छात्रा कुमारी श्रेया बिष्ट, पुत्री रविन्द्र सिंह बिष्ट ने 93.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर परिवार एवं समाज का नाम रोशन किया।
इस अवसर पर उत्तरांचल सांस्कृतिक भ्रातृ समिति, रामपार्क विस्तार लोनी गाजियाबाद (उ.प्र.) के अध्यक्ष जयेंद्र नेगी ने दोनों छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समिति क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को निरंतर प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि शिक्षा, इंजीनियरिंग, चार्टर्ड अकाउंटेंसी, विज्ञान, प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं को समिति द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
श्री नेगी ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज को नई दिशा देने का कार्य करता है तथा इससे युवाओं में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। समिति की ओर से दोनों छात्राओं एवं उनके परिवारों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।



