पौड़ी: कोटद्वार-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सतपुली के समीप आज एक दर्दनाक हादसा हो गया। सतपुली से करीब चार किलोमीटर आगे सतपुली मल्ली मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण के दौरान अचानक पहाड़ी से विशाल बोल्डर एक मैक्स वाहन पर गिर गया। इस हादसे में वाहन सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घटना आज दोपहर करीब तीन बजे की है। जानकारी के अनुसार वाहन में तीन लोग सवार थे, जो दिल्ली से मां धारी देवी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसीबीच सतपुली के समीप सड़क चौड़ीकरण के दौरान पहाड़ से एक विशाल बोल्डर अचानक गुमखाल से सतपुली की ओर जा रहे मैक्स वाहन के ऊपर आ गिरा। बोल्डर सीधे बोलेरो के ऊपर गिरने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में चालक के साथ बैठे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और क्षतिग्रस्त हुए वाहन में बुरी तरह फंस गए।
घटना की सूचना मिलने पर सतपुली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान क्षतिग्रस्त बोलेरो में फंसे एक घायल को निकालने के लिए कटर मशीन की मदद से वाहन को काटना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद घायल को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में श्रीकांत (45 वर्ष), मूल निवासी केरल एवं वर्तमान निवासी दिल्ली की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं वाहन चालक सरनजीत (61 वर्ष), निवासी जहांगीरपुरी, दिल्ली तथा उदय (40 वर्ष), मूल निवासी पश्चिम बंगाल एवं वर्तमान निवासी दिल्ली घायल हो गए। एसडीआरएफ टीम ने दोनों घायलों को तत्काल हंस फाउंडेशन अस्पताल, सतपुली पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतक के शव को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। दुर्घटना के बाद स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है। तीनों गाजियाबाद में एक प्राइवेट कंपनी में काम करते थे। मृतक एवं घायलों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।



