छात्र राजनीति से प्रदेश संगठन तक का लंबा सफर, कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निभाया निर्वहन

टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने टिहरी गढ़वाल के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राकेश राणा को प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए राकेश राणा को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

राकेश राणा का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ। वर्ष 1995 में उन्होंने एनएसयूआई (NSUI) के माध्यम से सक्रिय राजनीति में कदम रखा। छात्र हितों के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए वे लगातार दो बार गढ़वाल विश्वविद्यालय परिसर, टिहरी के छात्रसंघ नेता चुने गए। इसके बाद उन्होंने युवा कांग्रेस और कांग्रेस संगठन में विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

राणा दो बार जिला कांग्रेस कमेटी, टिहरी गढ़वाल के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा वे एनएसयूआई एवं युवा कांग्रेस के अध्यक्ष तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव का दायित्व भी निभा चुके हैं। उन्होंने लगभग नौ वर्षों तक युवा कल्याण विभाग, टिहरी के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। साथ ही वे दो बार प्रतापनगर से क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए।

राजनीतिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ राकेश राणा सामाजिक सरोकारों से भी लगातार जुड़े रहे हैं। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई और आंदोलनकारियों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वर्तमान में वे उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच, टिहरी गढ़वाल के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर रहे हैं। पहाड़, ग्रामीण क्षेत्रों, युवाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर उनकी सक्रियता लगातार बनी रही है।

उत्तराखंड के अलावा उन्होंने कांग्रेस के संगठनात्मक कार्यक्रमों और चुनाव अभियानों में देश के विभिन्न राज्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। संगठन के जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और चुनावी रणनीति का उन्हें व्यापक अनुभव प्राप्त है।

शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य जैसे जनसरोकारों के विषयों पर उनकी विशेष रुचि रही है। उनका मानना है कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य के विकास की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार राकेश राणा की प्रदेश महासचिव पद पर नियुक्ति आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन को मजबूत करने की दिशा में कांग्रेस का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। छात्र राजनीति से लेकर प्रदेश संगठन तक के उनके लंबे अनुभव का लाभ पार्टी को चुनावी तैयारियों में मिल सकता है।

प्रदेश महासचिव नियुक्त होने पर राकेश राणा ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से उत्तराखंड में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।