राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखण्ड प्रान्तीय निर्वाचन-2026 में विचार, संवाद और पारदर्शिता को मिल रहा बढ़ावा
श्रीनगर गढ़वाल: राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखण्ड के प्रान्तीय निर्वाचन-2026 को स्वस्थ, सकारात्मक और विचारप्रधान बनाने के उद्देश्य से संचालित ‘मुझे सुनिए साथियों’ संवाद अभियान शिक्षक समाज के बीच व्यापक चर्चा और सराहना का विषय बना हुआ है। यह पहल चुनाव को केवल मतों की प्रतिस्पर्धा तक सीमित न रखकर विचारों, संवाद और संगठन के भविष्य पर सार्थक विमर्श का मंच प्रदान कर रही है।
अभियान के तहत संघ के विभिन्न पदों के प्रत्याशियों को फेसबुक लाइव एवं वीडियो संवाद के माध्यम से शिक्षक साथियों के समक्ष अपने विचार, अनुभव, संगठन के प्रति दृष्टिकोण और आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत करने का अवसर दिया जा रहा है। संवाद के दौरान शिक्षक भी सीधे प्रत्याशियों से प्रश्न पूछकर उनकी सोच, प्राथमिकताओं और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को समझ रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन निष्पक्ष, गरिमापूर्ण एवं मर्यादित वातावरण में किया जा रहा है। सभी प्रत्याशियों से पूर्व में घोषणा-पत्र प्राप्त किया जाता है, जिसमें वे कर्मचारी आचरण नियमावली तथा प्रान्तीय निर्वाचन-2026 की आचरण संहिता का पालन करने की सहमति देते हैं। इससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वास बना हुआ है।
इस अभिनव पहल के कार्यक्रम संयोजक कमलेश चन्द्र जोशी हैं, जबकि प्रत्याशियों से समन्वय की जिम्मेदारी आशीष शुक्ला निभा रहे हैं। उनके सहयोग से संवाद कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक आयोजित किए जा रहे हैं।
संवाद कार्यक्रम के वार्ताकारों में कमलेश चन्द्र जोशी, मुकेश चन्द्र वशिष्ठ, प्रदीप बहुगुणा ‘दर्पण’ एवं डॉ. शैलेन्द्र मैठाणी शामिल हैं। सभी वार्ताकार निष्पक्ष एवं संतुलित संवाद के माध्यम से प्रत्याशियों के विचार शिक्षक समाज तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
शिक्षक समाज का मानना है कि ‘मुझे सुनिए साथियों’ अभियान चुनावी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सकारात्मक और मुद्दा-आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है। इस मंच के माध्यम से प्रदेशभर के शिक्षक सभी प्रत्याशियों के विचार सुनकर अधिक जागरूक एवं विवेकपूर्ण निर्णय लेने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।



