Home उत्तराखण्ड चमोली में दर्दनाक हादसा, भरभराकर गिरी अस्पताल की दीवार, मलबे में दबने...

चमोली में दर्दनाक हादसा, भरभराकर गिरी अस्पताल की दीवार, मलबे में दबने से डॉक्टर की मौत

Chamoli News: उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में इन दिनों लगातार हो रही बारिश के कारण कई हादसे हो रहे हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसे की खबर चमोली जिले के नारायणबगड़ विकासखंड से आई है। मिली जानकारी के मुताबिक आज (शनिवार) दोपहर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) नारायणबगड़ के चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन डिमरी अस्पताल परिसर के समीप स्थित आवासीय भवन के पीछे पहले से ही क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और वह उसकी चपेट में आ गए। हादसे में डॉ. डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। लेकिन कर्णप्रयाग अस्पताल पहुंचने से पहले की घायल डॉ. डिमरी ने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

डॉ. नवीन डिमरी लंबे समय से पीएचसी नारायणबगड़ में प्रभारी चिकित्साधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और मरीजों के प्रति समर्पित कार्यशैली के कारण वे क्षेत्र में बेहद लोकप्रिय थे। इस घटना से स्थानीय लोग और व्यापारी स्तब्ध रह गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने हर परिस्थिति में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया और इसी कारण जनता उन्हें अत्यंत सम्मान की दृष्टि से देखती थी। स्थानीय युवक संजय कंडारी, भाजपा नेता कमलेश सती और जिला पंचायत सदस्य व भाजपा नेता सुरेंद्र कनेरी सहित कई लोगों ने डॉ. डिमरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके जाने से क्षेत्र ने एक संवेदनशील और कर्तव्यनिष्ठ चिकित्सक खो दिया है। उन्होंने कहा कि डॉ. डिमरी हमेशा मरीजों की सेवा के लिए तत्पर रहते थे और उनका व्यवहार सभी के प्रति बेहद आत्मीय था।

सूचना के मुताबिक बीते 25 जून को भारी बारिश के कारण बहकर आए मलबे से अस्पताल परिसर की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी। शनिवार को क्षतिग्रस्त दीवार का मरम्मत कार्य किया जा रहा था। दोपहर एक बजे करीब डॉ. नवीन चंद्र डिमरी मरम्मत कार्य का जायजा ले रहे थे कि अचानक पहले से खोखली हो चुकी दीवार उनके उपर भरभराकर गिर पड़ी और वे उसके नीचे दब गए।

दर्दनाक हादसे का पता चलते ही अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मी और व्यापारी बचाव कार्य में जुट गए। गंभीर रूप से घायल डिमरी को रेस्क्यू कर अस्पताल में लाया गया और प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी चिंताजनक स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। परन्तु अस्पताल पहुंचने से पहले की घायल चिकित्सक ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने मृतक चिकित्साधिकारी के परिजनों को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।