श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर गढ़वाल के डांग क्षेत्र निवासी मयंक लाखेड़ा के एमबीबीएस में चयन होने पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। मयंक ने नीट-2026 में उत्कृष्ट रैंक प्राप्त कर एमबीबीएस में प्रवेश सुनिश्चित किया है। उनकी इस उपलब्धि पर डांग श्रीनगर सहित उनके पैतृक गांव डोभल्या काटल में खुशी की लहर है।

मयंक, ओमप्रकाश लाखेड़ा एवं रश्मि लाखेड़ा के पुत्र हैं। उन्होंने वर्ष 2025 में सेंट थेरेसास कॉन्वेंट स्कूल, श्रीनगर से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद एक वर्ष तक नियमित एवं अनुशासित तैयारी कर उन्होंने नीट-2026 में सफलता अर्जित की।

परिजनों के अनुसार मयंक का बचपन से ही डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करने का सपना था। उनकी इस सफलता में उनकी मेहनत, अनुशासित जीवनशैली और परिवार का निरंतर सहयोग महत्वपूर्ण रहा। विशेष रूप से उनकी माता रश्मि लाखेड़ा, जो प्रशिक्षित स्नातक हैं, तथा बड़ी बहन महक लाखेड़ा, जिन्होंने भौतिक विज्ञान में एमएससी की है और वर्तमान में बिरला कॉलेज, श्रीनगर से बी.एड. की पढ़ाई कर रही हैं, ने उन्हें लगातार प्रेरित किया।

मयंक की सफलता पर डांग श्रीनगर के लोगों, परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उनके मौसा एवं शिक्षक शिव प्रसाद डंगवाल ने विश्वास जताया कि मयंक एक कुशल और संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे।

मयंक के पड़ोसी तथा राजकीय इंटर कॉलेज, स्वीत के प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह नेगी ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि मयंक की सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और संस्कारों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से ही विश्वास था कि मयंक अपने लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेंगे।

महेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि डांग क्षेत्र शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। विशेष रूप से चिकित्सा क्षेत्र में यहां से अब तक 20 से अधिक चिकित्सक सेवा दे रहे हैं, जबकि कई छात्र वर्तमान में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि डॉ. सी.एम.एस. रावत हरिद्वार मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य हैं, डॉ. वैभव नौडियाल एवं उनकी पत्नी राजकीय मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। वहीं उनके पुत्र डॉ. अनिरुद्ध नेगी एमएस (ऑर्थोपेडिक्स) के अंतिम वर्ष के छात्र हैं।

देवभूमि संवाद परिवार की ओर से मयंक लाखेड़ा एवं उनके परिवार को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।