नोएडा, 24 जुलाई: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 26 जुलाई (रविवार) को नोएडा में अमर वीर शहीदों की स्मृति में भव्य श्रद्धांजलि एवं देशभक्ति संध्या का आयोजन किया जाएगा। पर्वतीय सांस्कृतिक संस्था के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र, नोएडा प्राधिकरण में सायं 4:00 बजे से प्रारंभ होगा।

यह आयोजन कारगिल युद्ध में अपने अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान से देश का गौरव बढ़ाने वाले वीर सैनिकों को समर्पित होगा। इस दौरान अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी तथा देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उनके अद्वितीय योगदान को भावभीनी श्रद्धांजलि दी जाएगी।

इस अवसर पर उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक गायिका स्वर कोकिला कल्पना चौहान एवं युवा लोक गायक रोहित चौहान देशभक्ति प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को विशेष बनाएंगे। संस्था के अनुसार कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

पर्वतीय सांस्कृतिक संस्था ने सभी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में सहभागिता कर इस राष्ट्रीय गौरव के आयोजन को व्यापक रूप से जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया है। संस्था का कहना है कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय सैनिकों के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम विवरण

तिथि: 26 जुलाई 2026 (रविवार)

समय: सायं 4:00 बजे

स्थान: इंदिरा गांधी कला केंद्र, सेक्टर-6, नोएडा प्राधिकरण

“शौर्य, साहस और सर्वोच्च बलिदान को शत्-शत् नमन।”