देहरादून, 30 जुलाई: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 31 जुलाई को उत्तराखंड के कई जिलों में भारी वर्षा, जलभराव और फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) की आशंका जताते हुए चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद राज्य सरकार और जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते जलभराव और अचानक बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने, स्थानीय प्रशासन को सक्रिय रखने तथा भूस्खलन या अन्य कारणों से मार्ग बाधित होने की स्थिति में उन्हें शीघ्र खोलने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पुलिस, SDRF, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग तथा BRO सहित सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा गया है।

राज्य सरकार ने विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार जिला प्रशासन आवश्यक निर्णय ले सकेगा।

सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने आमजन से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें। उन्होंने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, अनावश्यक यात्रा न करने तथा विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने का आग्रह किया है।

किसी भी आपात स्थिति में नागरिक राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1070, जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 1077 अथवा आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क कर सकते हैं।

इन जिलों में कल बंद रहेंगे स्कूल

बारिश के हालातों को देखते हुए रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिले में स्कूलों की छुट्टी के आदेश जर कर दिये गये हैं। 31 जुलाई को इन दोनों जिलों में कक्षा 1 से 12 वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में भी छुट्टी रहेगी।

डीएम के आदेशों के मुताबिक छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत ये निर्णय लिया गया है। रुद्रप्रयाग और बागेश्वर डीएम के आदेश में कहा गया है कि कल जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 वीं कक्षा तक और सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।

मानसून की बारिश को देखते हुए रुद्रप्रयाग डीएम की जनता और यात्रियों से खास अपील की है। रुद्रप्रयाग डीएम विशाल मिश्रा ने लोगों और यात्रियों से मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने किसी भी अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

रुद्रप्रयाग डीएम विशाल मिश्रा ने कहा बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों एवं नदी-नालों से दूर रहें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने सभी से केवल आधिकारिक चैनल के जरिये दी जाने वाली सूचनाओं पर विश्वास करने की अपील की है।

कांवड़ मेले के दौरान हरिपुरकलां क्षेत्र के सभी स्कूल 31 जुलाई से 11 अगस्त तक रहेंगे बंद

श्रावण कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और यातायात व्यवस्था को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिलाधिकारी देहरादून द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार तहसील ऋषिकेश अंतर्गत ग्राम हरिपुरकलां क्षेत्र में संचालित सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालय, उच्च शिक्षण संस्थान, प्राविधिक एवं तकनीकी शिक्षण संस्थान तथा आंगनबाड़ी केंद्र 31 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक बंद रहेंगे।

जिलाधिकारी आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि श्रावण कांवड़ मेले के दौरान हरिपुरकलां क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में कांवड़ियों का आवागमन होगा। इसके चलते मार्ग डायवर्ट रहने और अत्यधिक भीड़ की स्थिति में विद्यार्थियों की आवाजाही प्रभावित होने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा को भी ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।