देहरादून: देहरादून के क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र की नई बस्ती में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ बरसाती नाले के तेज बहाव में बहने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक बच्चियों की पहचान लक्ष्मी कुमारी (7 वर्ष) और सोनाक्षी कुमारी (3 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार शाम करीब 4 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र की नई बस्ती में दो नाबालिग बच्चियां बरसाती नाले में बह गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि दोनों बेटियां नाले के तेज बहाव की चपेट में आ गई थीं। स्थानीय लोगों ने उन्हें रैंप के नीचे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मृतक बच्चियों की मां रीना कुमारी ने पुलिस को बताया गुरुवार दोपहर करीब एक बजे दोनों बेटियां घर के बाहर बरसाती नाले में नहाने गई थीं। इसी दौरान अचानक नाले में पानी का तेज बहाव आ गया। जिससे दोनों बहकर नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गईं। काफी देर तक बच्चियां घर नहीं लौटीं। जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान बड़ी बेटी की टांग रैंप के नीचे दिखाई दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। परिवार मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले के छोटम पिपरा गांव का रहने वाला है। वर्तमान में क्लेमेंटटाउन की नई बस्ती में किराये के मकान में रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता है। रीना कुमारी ने बताया उनके पति रुदल सदा किसी काम से अपने गांव बिहार गए हुए हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

लगातार बारिश के कारण देहरादून समेत प्रदेश के कई इलाकों में बरसाती नाले और गदेरे उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बच्चों को नालों और जलभराव वाले स्थानों के पास न जाने दें तथा खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतें।