Home ग्रेटर नोएडा सेंट जोसेफ स्कूल में CISCE राष्ट्र स्तरीय बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ,...

सेंट जोसेफ स्कूल में CISCE राष्ट्र स्तरीय बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, देखें पहले दिन के मुकाबलों के परिणाम

17

ग्रेटर नोएडा: सेक्टर अल्फा-वन स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में गुरुवार को बालिका वर्ग की CISCE राष्ट्र स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों से आए 540 प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों के मार्च पास्ट के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में देश के अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी हर्ष डागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

हर्ष डागर वर्ष 2022 में अंडर-18 वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय बास्केटबॉल टीम के साथ-साथ सीनियर बास्केटबॉल टीम के कप्तान भी रह चुके हैं। उन्हें वर्ष 2022 में सर्वाधिक मूल्यवान खिलाड़ी (Most Valuable Player) के सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व भारतीय हॉकी टीम के गोलकीपर, ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित तथा वर्ष 2016 में विश्व कप विजेता हॉकी टीम के समन्वयक रोमियो जेम्स एवं बास्केटबॉल संगठन के सचिव तथा उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल संगठन के उपाध्यक्ष वीरेंद्र विक्रम सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी एवं प्रबंधक एंड्रयू कोरिया ने मुख्य अतिथियों के साथ प्रतियोगिता का ध्वजारोहण कर औपचारिक रूप से प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की।

प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक एवं बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराने के लिए विद्यालय प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी के नेतृत्व में शारीरिक शिक्षा विभाग के मनीष तिवारी, श्रीमती एकता खन्ना, श्रीमती संगीता राठी, सुसृजन कुमारी एवं त्रिमोहन कुमार सहित पूरा सेंट जोसेफ परिवार प्रतियोगिता के आयोजन में पूरी श्रद्धा, विश्वास और लगन के साथ जुटा हुआ है। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अन्य आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

27 से 29 अगस्त तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देश के कोने-कोने से 90 प्रशिक्षक अपने 540 होनहार खिलाड़ियों के साथ पहुंचे हैं। खिलाड़ियों के प्रदर्शन का निष्पक्ष एवं सटीक मूल्यांकन करने के लिए 15 निर्णायकों की टीम भी प्रतियोगिता में मौजूद है।

मुख्य अतिथि हर्ष डागर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि हर खिलाड़ी को ईमानदारी, मेहनत और अपने लक्ष्य को ध्यान में रखकर आगे बढ़ना चाहिए। सफलता और असफलता जीवन के दो पड़ाव हैं, लेकिन एक पड़ाव से दूसरे पड़ाव की ओर निरंतर आगे बढ़ते रहना ही आवश्यक है। उनके इन प्रेरणादायी शब्दों को खिलाड़ी अपने प्रदर्शन के माध्यम से चरितार्थ करते नजर आए।

अंडर-19: आंध्र प्रदेश-तेलंगाना ने महाराष्ट्र को 30-12 से हराया।

  1. अंडर-19: बिहार-झारखंड ने ओडिशा को 24-8 से पराजित किया।
  2. अंडर-19: केरल ने उत्तर-पूर्वी क्षेत्र को 16-5 से हराया।
  3. अंडर-19: उत्तराखंड ने छत्तीसगढ़ को 19-3 से शिकस्त दी।
  4. अंडर-19: तमिलनाडु-पांडिचेरी-अंडमान एवं निकोबार ने उत्तर बंगाल-उत्तर-पूर्वी क्षेत्र को 26-5 से हराया।
  5. अंडर-19: उत्तर प्रदेश ने मध्य प्रदेश को 47-3 से पराजित किया।
  6. अंडर-19: कर्नाटक ने उत्तर भारत को 53-12 से हराया।
  7. अंडर-17: कर्नाटक एवं गोवा ने केरल को 24-6 से हराया।
  8. अंडर-17: उत्तराखंड ने उत्तर-पूर्वी क्षेत्र को 18-0 से पराजित किया।
  9. अंडर-17: महाराष्ट्र ने उत्तर बंगाल एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र को 28-6 से हराया।
  10. अंडर-17: आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना ने उत्तर भारत एवं उत्तर बंगाल को 24-5 से पराजित किया।
  11. अंडर-17: तमिलनाडु-पांडिचेरी-अंडमान एवं निकोबार ने छत्तीसगढ़ को 36-3 से हराया।
  12. अंडर-17: बिहार-झारखंड ने पश्चिम बंगाल को 21-13 से पराजित किया।
  13. अंडर-17: उत्तर भारत ने मध्य प्रदेश को 21-2 से हराया।
  14. अंडर-14: महाराष्ट्र ने उत्तर बंगाल एवं उत्तर भारत को 28-6 से पराजित किया।
  15. अंडर-14: मध्य प्रदेश ने छत्तीसगढ़ को 14-1 से हराया।