Home ग्रेटर नोएडा दिवाली पर रोशनी से जगमगाएगा ग्रेटर नोएडा, प्रवेश द्वार और गोलचक्करों पर...

दिवाली पर रोशनी से जगमगाएगा ग्रेटर नोएडा, प्रवेश द्वार और गोलचक्करों पर होगी विशेष प्रकाश व्यवस्था

ग्रेटर नोएडा। आगामी दिवाली पर ग्रेटर नोएडा शहर रोशनी से जगमगा उठेगा। शहर के सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों, गोलचक्करों और सार्वजनिक स्थलों पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) प्रेरणा सिंह ने विद्युत अभियांत्रिकी विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिवाली से पहले सभी स्ट्रीट लाइट लगाने और उन्हें चालू करने के निर्देश दिए।

33 केवी बिजलीघरों का निर्माण होगा तेज

बैठक में बादलपुर और अस्तौली में निर्माणाधीन 33 केवी सबस्टेशनों की प्रगति की समीक्षा की गई। इन परियोजनाओं को पूरा करने के लिए अभी छह माह का समय निर्धारित है, लेकिन एसीईओ ने निर्माण कार्य में तेजी लाकर इन्हें तय समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति और अधिक सुदृढ़ हो सके।

किसानों के आबादी भूखंडों में नवंबर तक पूरे होंगे कार्य

किसानों को आवंटित छह प्रतिशत आबादी भूखंडों में चल रहे बिजली संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए एसीईओ ने नवंबर 2026 तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। खैरपुर, खोदना खुर्द, पतवाड़ी, छोटी मिलक और इटैड़ा सहित कई गांवों में विद्युत अवसंरचना विकसित करने का कार्य तेजी से चल रहा है।

17 गांवों और कई सेक्टरों में लगेंगी नई स्ट्रीट लाइटें

तिलपता, कुलेसरा, छपरौला, खोदना खुर्द सहित 17 गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य प्रगति पर है। एसीईओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दिवाली से पहले सभी स्ट्रीट लाइटें स्थापित कर उन्हें चालू कर दिया जाए। इसके अलावा सेक्टर-2, सेक्टर-3, सेक्टर-12 सहित अन्य सेक्टरों के पार्कों में भी नई स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए गए।

ड्रेन परियोजनाओं की भी हुई समीक्षा

समीक्षा बैठक में ड्रेन निर्माण परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। एसीईओ ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रस्तावित कार्यों की टेंडर प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरी कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए।

बैठक में ड्रेन विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक मनोज कुमार सचान, विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल, अश्विनी चतुर्वेदी, सौरभ भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।