पौड़ी गढ़वाल : शराब के नशे में युवक को कोबरा सांप से पंगा लेना पड़ा महंगा, डसने से हुई मौत, देखें वीडियो

0
3257

पौड़ी :  जनपद पौड़ी गढ़वाल के चैबट्टाखाल विधानसभा के अंतर्गत बैजरो के निकट सुकई गांव के एक युवक को कोबरा नाग से छेड़खानी करना महंगा पड़ गया। नशे में धुत युवक को अपनी मर्दानगी साबित करने चक्कर में जान गवानी पड़ गई। जैसा कि प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बनाये गए वीडियो में दिख रहा है कि दो युवक शराब के नशे में कोबरा सांप को जबरदस्ती पकड़ने की कोशिश में अपनी मौत को खुद ही दावत दे रहें हैं। सांप अपने बचाव में फुंकार मारकर उन्हें बार बार चेतावनी दे रहा है। इस बीच एक युवक कपड़े से नाग को पकड़ लेता है। और फिर अपने गले में लिपटाने की कोशिश करता है।  इतने में नाग ने उसके हाथ में काट लिया। और समय पर उपचार न मिलने के कारण युवक की मृत्यु हो गई। मृतक युवक बैंड बजाने का कार्य करता है। नशे में धुत युवकों का सांप पकड़ते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

घटना चैबट्टाखाल विधानसभा के बैजरों क्षेत्र के सुकई गांव की है। जहाँ मंगलवार को शादी समारोह में शामिल होने के बाद गांव को लौट रहे युवकों को रास्ते में एक सांप दिखाई दिया। जिस पर दो युवक सांप को हाथ से पकड़कर गले में डाल कर अपनी मर्दानगी साबित करने की जिद करने लगे। इस बीच अन्य लोगों ने उन्हें ऐसा न करने के लिए कई बार समझाया। लेकिन शराब के नशे में धुत एक युवक सांप को पकड़ने की जिद कर बैठा। सांप ने भागने की कोशिश की लेकिन युवक ने सांप को कपड़े में दबोच कर अपने हाथ में उठा लिया। इस दौरान सांप ने उसके हाथ पर काट दिया। सांप के काटने के बाद भी युवक उस सांप को हाथ में लेकर नचाते रहे। बाद में दोनों ने मिलकर सांप को पत्थरों से कुचलकर मार डाला। बताया गया हा कि सांप के डंसने के बावजूद उक्त युवक अस्पताल न जाकर अपने घर चला गया। जहां पर लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल जाने की सलाह दी। लेकिन उपचार मिलने से पहले ही युवक ने दम तोड़ दिया।

यहाँ देखें लाइव वीडियो