Golden Belt Boxing Championship: उत्तराखंड की बेटी आरती धारियाल ने अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग में देश का परचम लहराया है। रोमानिया में 12 जुलाई 2026 से चल रहे अंतर्राष्ट्रीय गोल्डन बेल्ट टूर्नामेंट में आरती ने 54 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में मेजबान देश की मुक्केबाज कार्ला लौरा को दूसरे राउंड में आरएससी (RSC) के तहत हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया। अंतरराष्ट्रीय पटल पर देश का नाम ऊंचा करने वाली बेटी की सफलता पर पूरे गौरीहाट गांव में खुशी का माहौल है।

21 वर्षीया आरती मूल रूप से पिथौरागढ़ के मूनाकोट के गौरीहाट की रहने वाली है। जो वर्तमान में एलिट सीनियर कैंप पटियाला में प्रशिक्षण ले रही हैं। वह पिथौरागढ़ में खेल विभाग के स्मॉल खेलो इंडिया बॉक्सिंग सेंटर की प्रशिक्षणार्थी हैं और बॉक्सिंग कोच निखिल महर से प्रशिक्षण लेती हैं। आरती के पिता उत्तम सिंह धरियाल ने बताया कि बचपन से ही मुक्केबाजी उसकी पसंद रही है। इसी माह चार जुलाई को ही उसका चयन बार्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) में हुआ है। आरती ने बीएसएफ ज्वाइन कर ली है।

पूर्व में भी जीत चुकी है कई पदक

आरती ने हाईस्कूल की पढ़ाई विश्व भारती पब्लिक स्कूल वड्डा और इंटर हिमालया पब्लिक स्कूल पिथौरागढ़ से पूरी की। आरती ने इससे पूर्व भी यूथ नेशनल चैंपियनशिप 2021 और खेलो इंडिया 2022 में रजत पदक जबकि वर्ष 2025 व 2026 की एलिट नेशनल चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी है।

आरती की इस उपलब्धि पर पिथौरागढ़ में जश्न का माहौल है। जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट, जिला युवा कल्याण अधिकारी जगदीश नेगी, उप क्रीड़ाधिकारी प्रताप सिंह, अरुण बंग्याल, बॉक्सिंग कोच निखिल महर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी जगत सिंह महरा समेत ओलंपिक संघ, बॉक्सिंग संघ, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने प्रसन्नता जताई है।

3 दिन में 3 मेडल

“पिथौरागढ़ की महिला बॉक्सर लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कमाल कर रही हैं। बीते 3 दिनों में पिथौरागढ़ की तीन महिला बॉक्सरों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 3 मेडल भारत की झोली में डाले हैं। बीती 15 जुलाई को जकार्ता एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में निकिता चंद और काजल फर्स्वाण ने रजत पदक जीता था। जबकि, रोमानिया में चल रहे गोल्डन बेल्ट टूर्नामेंट में पिथौरागढ़ की आरती धारियाल ने भारत का प्रतिनिधित्व किया। आरती की सालों की कड़ी मेहनत रंग लाई और गोल्डन बेल्ट इंटरनेशनल बॉक्सिंग टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल जीत लिया।