Home उत्तर प्रदेश Makar Sankranti 2025: 14 जनवरी को यूपी में सार्वजनिक अवकाश घोषित, योगी...

Makar Sankranti 2025: 14 जनवरी को यूपी में सार्वजनिक अवकाश घोषित, योगी सरकार ने जारी किया आदेश

Makar Sankranti 2025: लखनऊः उत्तर प्रदेश सरकार ने 14 जनवरी को मकर संक्रांति को सरकारी अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में रविवार को विशेष सचिव की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देश में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश शासन की ओर से मकर संक्रांन्ति के पावन पर्व पर दिनांक 14 जनवरी 2025 (मंगलवार) को जो निर्बन्धित अवकाश घोषित था, उसे अब सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाता है।

यूपी के विशेष सचिव की ओर से निर्देश में आगे कहा गया है, ‘सम्यक विचारोपरान्त मकर संक्रांति के पावन पर्व पर दिनांक 14 जनवरी, 2025 (मंगलवार) को घोषित निर्बन्धित अवकाश के स्थान पर निगोशिएबुल इन्स्ट्रुमेन्ट एक्ट 1881 के अधीन एतदद्वारा सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाता है। सामान्य प्रशासन अनुभाग उत्तर प्रदेश शासन की विज्ञप्ति दिनांक 17 दिसम्बर, 2024 को इस सीमा तक संशोधित समझा जाए।’

मकर संक्रांति को उत्तर प्रदेश में खिचड़ी के त्योहार के रूप में मनाया जाता है। 14 जनवरी को 6.58 बजे से मकर संक्रांति का पुण्यकाल शुरू होगा, जो 15 जनवरी को 6.58 बजे तक रहेगा। माना जाता है कि इस दौरान जो भी धार्मिक कार्य किए जाएंगे, उनका पुण्यफल प्राप्त होगा।