Home उत्तराखण्ड अंकिता और उसके परिजनों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले RSS नेता के...

अंकिता और उसके परिजनों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले RSS नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज, गुस्साए लोगों किया थाने का घेराव

rss leader vipin karnwal

अंकिता हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया में आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट करने पर पुलिस ने आरएसएस नेता विपिन कर्णवाल के खिलाफ रायवाला थाने में मुकदमा दर्ज किया है। बुधवार को भारी संख्या में एकत्रित हुए ग्रामीणों ने रायवाला थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि अपमानजनक टिप्पणी करने वाले आरएसएस पदाधिकारी पर मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाए। जिसके बाद रायवाला पुलिस ने विपिन कर्णवाल के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

बता दें कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग प्रचार प्रमुख विपिन कर्णवाल की ओर से दिवंगत अंकिता भंडारी और उनके परिवार पर सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणी की पोस्ट शेयर की गयी थी. पोस्ट में विपिन कर्णवाल ने लिखा था कि- बाप ने भूखे बिल्लों के सामने रखा कच्चा दूध। कर्णवाल ने आग लिखा कि जो बाप और भाई 19 साल की लड़की की कमाई खाता हो और बाद में लड़की की लाश भी बेच दे, उसके लिए क्या चिल्लाना। सबसे बड़ा गुनहगार तो लड़की का बाप है। उसने इसके अलावा भी कई अभद्र-आपत्तिजनक बातें अपनी पोस्ट में लिखी थी जिन्हें यहां लिखना सही नहीं है। इतना ही नहीं, फेसबुक पर किए गये इस पोस्ट को विपिन कर्णवाल ने स्वीकार भी किया।

इस पोस्ट के कुछ देर बाद सोशल मीडिया पर इस टिप्पणी का जबरदस्त विरोध शुरू हो गया। लोगों ने तीखा विरोध जताया। हालाँकि विरोध शुरू होने के कुछ देर बाद ही उन्होंने इस पोस्ट को डिलीट भी कर दिया. कर्णवाल संघ में हरिद्वार, रुड़की व ऋषिकेश के विभाग प्रचार प्रमुख हैं।

संघ प्रचारक द्वारा अंकिता और उसके माता-पिता पर की गई अभद्र टिप्पणी से जनाक्रोश भड़क गया है। बुधवार को भारी संख्या में एकत्रित हुए ग्रामीणों ने रायवाला थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि अपमानजनक टिप्पणी करने वाले आरएसएस पदाधिकारी पर मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाए। जिसके बाद रायवाला पुलिस ने समाजसेवी विजयपाल रावत की तहरीर पर विपिन कर्णवाल के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

सीओ डीसी ढौंढियाल ने बताया कि मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश रवि सैनी को सौंपी गई है। तफ्तीश के साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी को भी प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने विपिन के घर में दबिश भी दी। लेकिन वह पुलिस को घर पर नहीं मिले।