चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग में आज सुबह सिख समुदाय के लोगों का स्थानीय लोगों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कुछ ही देर में इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट भी हुई। आरोप है कि विवाद के दौरान सिख समुदाय के लोगों ने स्थानीय लोगों पर तलवारों से जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें कई स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से पूरे बाजार में हड़कंप मच गया और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें आला अधिकारियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घायलों को तत्काल नजदीकी चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
इस घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर जाम भी लगा दिया था। हाईवे पर जाम लगने का कारण बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब आने-जाने वाले भक्तों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले का शांत कराने का प्रयास किया।
जानकारी के मुताबिक हेमकुंड साहिब से लौटते वक्त सिख समुदाय के लोगों की कर्णप्रयाग बाजार में कुछ लोगों के साथ किसी बात पर कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया। सिख समुदाय के लोगों ने धारदार हथियार से लोगों पर हमला कर दिया। हमले में कई कई लोग चोटिल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं दूसरी तरफ स्थानीय लोगों ने चौकी परिसर सहित बदरीनाथ हाईवे पर जाम लगा दिया। कुछ लोगों ने पंचपुलिया में भी जाम लगा दिया। क्षेत्र में तनाव का माहौल के बीच पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग, त्रिवेंद्र सिंह राणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। स्थिति देखते हुए गौचर में यात्रा को फिलहाल रोका गया। फिर जिलाधिकारी से हुई वार्ता के बाद लोगों ने जाम खोला, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। एहतियात के तौर पर गौचर में यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है, जबकि कर्णप्रयाग में हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जुटाए जा रहे हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।



