Home दिल्ली-एनसीआर कांग्रेस प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक ने नोएडा वासियों के लिए कांग्रेस का घोषणा...

कांग्रेस प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक ने नोएडा वासियों के लिए कांग्रेस का घोषणा पत्र किया जारी

नोएडा : कांग्रेस प्रत्याशी पंखुडी पाठक ने बुधवार शाम 7 बजे नोएडा वासियों के लिए कांग्रेस पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया। पंखुडी ने इसके लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। पंखुडी ने सोशल मीडिया के जरिए जारी किये नोएडा प्रतिज्ञा पत्र के अपने 16 सूत्री वादे में नोएडा वासियों के लिए कई घोषणायें की हैं। इसके तहत उन्होंने वादा किया है कि सबकी संपत्तियों की न सिर्फ समय पर रजिस्ट्री सुनिश्चित करवाएंगी, बल्कि बिल्डर और बायर के बीच के विवादों का समाधान करने के लिए एक ट्रिब्यूल बाडी का गठन भी करवाएंगी। साथ ही, निजी स्कूलों द्वारा मनमाने तरीके से फीस बढ़ोत्तरी पर लगाम लगवाएंगी और ईडब्ल्यूएस कोटा तय करवाते हुए सरकारी कालेज का निर्माण और उसका आधुनिकीकरण करके निजी स्कूलों के स्तर पर लाने की दिशा में काम करेंगी। इसके अलावा नोएडा क्षेत्र की अनियमित कालोनियों का नियमितीकरण करवाने के साथ ही उनमें बिजली, पानी व सड़क आदि सुविधाएं सुनिश्चित करवाएंगी। वहीं जेजे कालोनियों में पक्के मकान की भी व्यवस्था करवाएंगी।

सोशल मीडिया पर घोषणा पत्र जारी करते समय लगभग एक घंटे से ज्यादा अपने घोषणापत्र के बारे में बताते हुए पंखुडी ने कहा कि वह स्थानीय है और नोएडा की हर समस्याओं से भलीभांति परिचित हैं। इसीलिए उन्होंने घोषणा पत्र में दावा किया कि नोएडा वासियों की प्रापर्टी को फ्री होल्ड करवाने, उद्योगों का फिक्स्ड इलेक्ट्रिसिटी चार्ज कम करने, परिवारों की बिजली दर घटाने, हर परिवार को शुद्ध जल का प्रबंधन करने के अलावा पानी की गंभीर समस्या वाले इलाकों में विधायक निधि से आरओ प्लांट लगवाकर पानी वितरण प्रणाली को सुचारू रूप से चालू करवाएंगी।

वर्तमान समय में सीवर की समस्या को देखते हुए पाठक ने जोर देकर कहा कि उनकी विधायकी में पूरे शहर के सीवर ढांचे का विस्तार, खुली नालियों को ढंकने और बाउंड्रीवाल कराने का कार्य होने के साथ ही प्रदूषण को कम करने के लिए सार्थक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, एक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और महिलाओं के लिए अस्पताल का निर्माण करवाने के अलावा पीएचसी में डाक्टरों की मौजूदगी सुनिश्चित करवाया जाएगा।

घोषणा पत्र में पाठक ने नोएडा वासियों को यह विश्वास दिलाया कि क्षेत्र में कांग्रेस विधायिका के बनने पर नोएडा के सेक्टरों के अंदर नोएडा विकास प्राधिकरण के खाली पड़े प्लाटों में पार्क व खेल मैदान आदि की सुविधा विकसित करवाएंगी। नए बारात घर/ कम्युनिटी सेंटर के निर्माण सहित उनकी बुकिंग फीस में कटौती करवाएंगी।

नोएडा शहर में महिलाओं के निःशुल्क यात्रा सुचारू करने के लिए बस सेवा शुरू करवाएंगी। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं के निदान के लिए नोएडा प्राधिकरण द्वारा जन समस्या केंद्र की स्थापना भी की जाएगी। वहीं शहर की समस्याएं जानने और उसके समाधान के लिए विधायक हेल्पलाइन नम्बर जारी किए जाएंगे।