CWG 2026: भारत की स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देश को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। मीराबाई चानू ने महिला वेटलिफ्टिंग के 48 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। यह लगातार तीसरा मौका है जब उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में देश के लिए स्वर्ण पदक जीता है।
पहले प्रयास में चूकीं, दूसरे में खेल किया खत्म
मीराबाई ने स्नैच में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन से यह दिखा दिया था कि स्वर्ण पदक उनकी मुट्ठी में है। मीराबाई ने क्लीन एंड जर्क में 105 किलो वजन रजिस्टर कराया। चानू सबसे आखिर में आईं और उनका पहला प्रयास सफल नहीं रहा। दूसरे प्रयास में उन्होंने आराम से 105 किलो वजन उठाया और नियोंग को पीछे छोड़ दिया। यह क्लीन एंड जर्क में कॉमनवेल्थ गेम्स का रिकॉर्ड है। मीराबाई ने ग्लास्गो में चुनौती पेश करने से पहले कहा था कि वह राष्ट्रमंडल खेलों में अपना पूरा दम नहीं दिखाएंगी, लेकिन उनका प्रदर्शन बेहतरीन रहा। चानू ने कुल 190 किलो वजन उठाकर राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक जीता। चानू ने इससे पहले 2018 और 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक जीता था। मीराबाई के अलावा नाइजीरिया की रुथ असुक्यो नियोंग ने 168 किलो के साथ रजत और मलयेशिया की इरेने जाने हेनरी ने 167 किलो वजन के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
चानू की इस उपलब्धि पर उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है।
पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, “भारतीय वेटलिफ्टिंग में एक और शानदार अध्याय। प्रतिभावान मीराबाई चानू ने एक बार फिर कॉमनवेल्थ गेम्स में 48 किग्रा कैटेगरी में शानदार परफॉर्मेंस देकर स्वर्ण पदक जीतकर अपनी स्किल्स दिखाईं। लगातार तीन कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण और चौथा कॉमनवेल्थ पदक लेकर, वह हर भारतीय के लिए प्ररेणा बनी हुई हैं। उन्हें बधाई। आगे की कोशिशों के लिए शुभकामनाएं।”



