उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने आज नोएडा व ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिये। श्री सिंह शनिवार को गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी पहुंचे। जहां पर उन्होंने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर की यातायात व्यवस्था पर बैठक की। बैठक में मेरठ मंडल के पुलिस अधिकारी भी शामिल थे। श्री सिंह ने बैठक में बताया कि प्रदेश में सबसे ज्यादा नोएडा व ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक की समस्या है। प्रदेश मुख्यालय पर सबसे ज्यादा यहां से ही लोग ट्रैफिक समस्या भेजते हैं। उन्होंने निर्देश दिये कि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मिल कार्य योजना बनायें ताकि शहरों का ट्रैफिक जाम न हो। उन्होंने बताया कि जहां फुटओवर या अंडरपास बनाने की जरूरत है तो वह भी बनाये जाएं। उन्होंने बताया कि जब से यमुना एक्सप्रेस वे पर ओवर स्पीड वाहनों के ईचालान की व्यवस्था शुरू की गयी है तब से हादसे कम हो रहे हैं। उन्होंने एसएसपी को निर्देश दिये कि ट्रैफिक पुलिस को व्यस्त चौराहों पर तैनात किया जाए। उन्होंने शहर की कानून व्यवस्था को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिये। इस मौके पर एडीजी ट्रैफिक, एडीजी जोन मेरठ, पुलिस उप महानिरीक्षक मेरठ व एसएसपी के अलावा एसपी देहात, एसपी सिटी, प्रशासिनक व प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद थे।