“Kalyani Samman 2024” on 10th March on International Women’s Day.

कल्याणी सम्मान 2024: विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी कल्याणी सामाजिक संस्था द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आगामी 10 मार्च 2023 (रविवार) को गढ़वाल भवन नई दिल्ली में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम उन महिलाओं के सम्मान में है, जिन्होंने विकट परिस्थितियों से लड़़कर समाज में एक इतिहास रचा, जो लगातार अपने कार्यो से प्रेरणा बनी। देश व समाज के लिए, उसी मातृशक्ति में नई ऊर्जा प्रवाहित करने के लिए लगातार पांचवी बार कल्याणी सामाजिक संस्था (रजि०) द्वारा इस सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 12 बजे से शुरू हो जायेगा।

कल्याणी सामाजिक संस्था की अध्यक्षा एवं संस्थापिका बबीता नेगी ने बताया कि संस्था द्वारा वर्ष 2020 में पहली बार अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर “कल्याणी सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया था। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य उन महिलाओं को एक बड़े मंच पर सम्मानित करना है, जो विषम परिस्थितियों में समाज के विभिन्न क्षेत्रों मे उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। तब से लेकर लगातार हर वर्ष अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कल्याणी सामाजिक संस्था मातृशक्ति के सम्मान में समारोह आयोजित करती आ रही है। इस बार संस्था आगामी 10 मार्च को नई दिल्ली के पंच्कुईयां रोड़ स्थित गढवाल भवन मे पांचवां “कल्याणी सम्मान समारोह” आयोजित करने जा रही है।

कार्यक्रम में समाजसेविका एवं हिमालयन विरासत न्यास की अध्यक्ष श्रीमती आशना नेगी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगी। उनके अलावा गायिका वसुंधरा रतूड़ी, भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल, पूर्व महापौर एवं निगम पार्षद नीमा भगत तथा लोक गायिका सुनीता बेलवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।

मुख्य अतिथि: आशना नेगी (गढ़वाली समाचार वाचिका आकशवाणी) ।

इस बार निम्नलिखित महिलाऐं “कल्याणी सम्मान” के लिए चयनित हुई हैं।

  1. श्रीमती मीना तिवारी, ग्राम गोपेश्वर, चमोली गढ़वाल
  2. श्रीमती मीना बहुगुणा, ग्राम सेम, ब्लॉक जखोली, रुद्रप्रयाग
  3. सुश्री साक्षी डबल डोभाल (गायिका), ग्राम कौड़ा, पौड़ी गढ़वाल
  4. श्रीमती पूनम वर्मा, ग्राम बाटुला पोस्ट ऑफिस मायापुर, चमोली
  5. सुश्री सोनम वर्मा (कला क्षेत्र), देहरादून
  6. श्रीमती साधना जोशी (साहित्य क्षेत्र), ग्राम सौरा, ब्लाक भटवाड़ी उत्तरकाशी
  7. श्रीमती राजेश्वरी देवी जोशी, श्रीनगर गढ़वाल
  8. श्रीमती किरण शर्मा, ग्राम सुनवर्मा, धुमाकोट, पौड़ी गढ़वाल
  9. श्रीमती ममता रावत ग्राम एवं पोस्ट भंकोली, ब्लॉक भटवाड़ी, उत्तरकाशी
  10. सुश्री साक्षी चौहान, (खेल क्षेत्र) ऋषिकेश
  11. श्रीमती जमुना रावत, (स्वरोजगार क्षेत्र), बड़ाखालउत्तरकाशी

कल्याणी सामाजिक संस्था की अध्यक्षा बबीता नेगी का कहना है कि जब एक नारी बखूबी अपने कार्यों को मंजिल तक पहुँचाती है तो वो गुमनाम क्यों रहे, क्यों न उसे एक सम्मान का अधिकारी बना सशक्त किया जाए। यह हम जैसी महिलाओं के लिये गौरवपूर्ण क्षण हैं कि उन सभी मातृशक्ति को सम्मानित करें, जो आज अपने कार्यों द्वारा समाज में अपनी अलग पहचान बनाये हुए हैं।

वे आगे बताती हैं कि जैसा कि सब जानते हैं कि उत्तराखंड की भौगोलिक स्थिति कैसी है और बहुत बड़ा क्षेत्र बहुत दुर्गम है, फिर भी हमारी बहनें हर परिस्थिति का सामना करते हुए उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। अतः हमारा प्रयास है कि उत्तराखंड के हर कोने से हम ऐसी महिलाओं को सम्मानित करें। इस बार जो महिलाएं चयनित हुई हैं वे उत्तराखंड के अलग-अलग क्षेत्रों से हैं जो सामाजिक, सांस्कृतिक व साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं।

जैसा कि हमारी संस्था का नाम ही “कल्याणी” है जो नारी शक्ति को एक शब्द में परिभाषित करता है। हमारा प्रयास है कि समाज कल्याण के लिए कार्य करने वाली हर उस महिला को सम्मान मिले जो इस ‘कल्याणी’ शब्द को सार्थक करती है। हम सम्मान प्राप्त करने वाली सभी महिलाओं को मुबारकबाद देते हैं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।