गुलदार ने बुजुर्ग महिला पर हमला कर किया घायल

0
994
guldar-attack-women

उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों मे जंगली जानवरों द्वारा इंसानों पर हमले की घटनायें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कहीं बाघ, कहीं गुलदार तो कहीं जंगली भालू के हमले की घटनायें आये दिन सुनाई देती हैं। शनिवार को टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बौसाड़ी निवासी एक महिला पर गुलदार ने अचानक हमला कर घायल कर दिया। महिला को उपचार हेतु सीएचसी चौंड में भर्ती किया गया है, उपचार के बाद महिला की हालत सामान्य है।

जानकारी के मुताबिक प्रतापनगर के बौसाड़ी गांव की 62 वर्षीय महिला मुन्नी देवी, पत्नी धनपाल सिंह शनिवार सुबह करीब 11 बजे अपने पुराने घर से करीब आधा किलोमीटर दूर लंबगांव-टिहरी चंबा मोटर मार्ग पर बन रहे अपने नए मकान की देखदेख के लिये जा रही थी। इसी दौरान गुलदार ने ऊर्जा निगम के मछेंड़ी पावर हाउस के पास महिला पर अचानक हमला कर दिया। महिला की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने भी शोर मचाया, जिसके बाद गुलदार को भाग गया।

परिजन और ग्रामीण घायल महिला को उपचार के लिये सीएचसी चौड़ लंबगांव ले गये। वन क्षेत्राधिकारी मुकेश रतूड़ी ने बताया कि गुलदार ने महिला के सिर पर नाखूनों से हमला किया है। सीएचसी के डॉक्टरों द्वारा महिला का उपचार किया है। जिसके बाद महिला की हालत सामान्य है। फ़िलहाल महिला का उपचार चल रहा है। वन विभाग की गस्ती टीम को मौके पर भेज दिया गया है। ग्रामीणों से सतर्कता बरतने को कहा गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा राशि देने की मांग की है। साथ ही गुलदार को पकड़ने की भी मांग की है।