International Yoga Festival : ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन में 88 देशों के 1100 साधक लगायेंगे ध्यान, बुधवार को राज्यपाल करेंगे शुभारंभ

0
194
International-Yoga-Festival-2023

International Yoga Festival: योग नगरी के नाम से मशहूर उत्तराखंड के ऋषिकेश शहर में 8 से 15 मार्च तक 35वां अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव आयोजित होने जा रहा है। ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन आश्रम में गंगा तट के किनारे लगने वाले अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का बुधवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरुमीत सिंह विधिवत उद्घाटन करेंगे।

योग महोत्सव में 88 देशों से एक हजार से ज्यादा प्रतिभागी अब तक अपना पंजीकरण करा चुके हैं। जबकि 25 से अधिक देशों से 75 योगाचार्य अपनी उत्कृष्ट विधाओं के साथ अंतराष्ट्रीय योग महोत्सव में सहभाग करेंगे। परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती व अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव की निदेशक डा. साध्वी भगवती सरस्वती ने पत्रकार वार्ता कर अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव की जानकारी दी। साध्वी भगवती सरस्वती ने बताया कि आज से कई वर्ष पूर्व 16 से 18 प्रतिभागियों के साथ योग की इस यात्रा की शुरूआत हुई जो आज एक वटवृक्ष की तरह विशाल हो गया है और पूरे विश्व को योगमय करने के लिए प्रतिबद्ध है।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि योग खुद से जुड़ने की यात्रा है, और यही संदेश हमारे पर्व और त्योहार भी हमें देते हैं। अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव के माध्यम से वैश्विक स्तर तक भारत की अमूल्य धरोहर योग, अतुलनीय संस्कृति, वसुधैव कुटुम्बकम् का मंत्र और विविधता में एकता की संस्कृति को पहुंचाने का प्रयास करते हैं, उसमें मीडिया की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव के माध्यम से हम भारत में पूरे विश्व का दर्शन करते हैं तथा पूरा विश्व मां गंगा के इस पावन तट पर पूरे भारत को देखता हैं।

इन देशों के योग साधक करेंगे प्रतिभाग

भारत, अफगानिस्तान, अल्बानिया, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, बोस्निया और हर्जेगोविना, बोत्सवाना, ब्राजील, बुल्गारिया, कंबोडिया, कनाडा, चाड, चीन, कोलंबिया, क्रोशिया, चेक रिपब्लिक, डेनमार्क, यूरोपीय संघ ईयू, फॉकलैंड, आइलैंड, फिनलैंड, फ्रांस, गैबॉन, जॉर्जिया, जर्मनी, घाना, यूनान, हांगकांग, आइसलैंड, इंडोनेशिया, आयरलैंड, इजराइल, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, कुवैत, लाओस, लिथुआनिया, मलेशिया, माली, माल्टा, मॉरीशस, मेक्सिको, मंगोलिया, मोंटेनेग्रो, मोरक्को, मोजाम्बिक, नामिबिया, नेपाल, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, नाइजीरिया, नॉर्वे, ओमान, पेरू, पुर्तगाल, रोमानिया, रूस, सिंगापुर, स्लोवाकिया, स्लोवेनिया, स्पेन, श्रीलंका, स्वीडन, स्विट्जरलैंड, ताजिकिस्तान, तंजानिया, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात, यूक्रेन, यूनाइटेड किंगडम, संयुक्त राज्य अमेरिका, उरुग्वे, उज्बेकिस्तान, वेनेजुएला, वियतनाम आदि अन्य अनेक देशों के एक हजार से अधिक योग जिज्ञासुओं, प्रतिभागियों और 25 से अधिक देशों से 75 से अधिक योग प्रशिक्षक सहभाग कर रहे हैं।