Home उत्तराखण्ड Kanwar Yatra 2023: कुंभनगरी में उमड़ा कांवड़ियों का सैलाब, अब तक 4...

Kanwar Yatra 2023: कुंभनगरी में उमड़ा कांवड़ियों का सैलाब, अब तक 4 करोड़ के करीब पहुंच चुका है आंकड़ा, हरिद्वार-दिल्ली हाईवे जाम

haridwar-Kanwar-Yatra-2023

Kanwar Yatra 2023: इन दिनों धर्मनगरी हरिद्वार पर भगवान भोलेनाथ की भक्ति का रंग चढ़ा हुआ है। धर्मनगरी में डाक कांवड़ यात्रियों का सैलाब उमड़ा हुआ है। हरिद्वार-दिल्ली हाईवे डाक कांवड़ियों के वाहनों से पैक हो गया जबकि हरकी पैड़ी समेत तमाम गंगा घाटों से लेकर हाइवे और शहर की कॉलोनियों तक में कांवड़ यात्री ही कांवड़ यात्री नजर आ रहे हैं। डाक कांवड़ के दूसरे दिन लाखों कांवड़ियों की भीड़ के आगे पुलिस की व्यवस्थाएं धरी की धरी रह गई। हाईवे से लेकर शहर के अंदर डाक कांवड़ियों का कब्जा हो गया है।

खराब मौसम के बावजूद कई राज्यों से उमड़-घुमड़कर पहुंचे कांवड़ यात्रियों पर भगवान भोलेनाथ की भक्ति सिर चढ़कर बोल रही है। हर तरफ भोले भक्त नजर आ रहे हैं, बोल बम, बम-बम के जयकारों व डाक कांवड़ के डीजे पर शिवभजनों की गूंज के सिवाय कुछ सुनाई नहीं पड़ रहा है।

फिलहाल हरिद्वार में तमाम गंगा घाटों से लेकर हाइवे और शहर की कॉलोनियों तक में कांवड़ यात्री ही कांवड़ यात्री नजर आ रहे हैं। हरिद्वार और कनखल की कॉलोनियों में जगह-जगह कांवड़ यात्री शिवभजनों पर मदमस्त होकर झूम रहे हैं। हाईवे पर डाक कांवड़ का सैलाब गंगा जल लेकर मंजिल की तरफ बढ़ रहा है। कुल मिलाकर कुंभनगरी फिलहाल शिवभक्ति से सराबोर है।

अब तक करीब 4 करोड़ कांवड़ यात्री जा चुके हैं गंगाजल लेकर

12 घंटे के भीतर पुलिस ने करीब 55 हजार डाक वाहन हरिद्वार से रवाना किए हैं। जबकि आठ लाख से ज्यादा बाइकर्स कांवड़ यात्री गंगाजल लेकर अपने गंतव्य को लौट चुके हैं। मौसम खुलने के चलते शुक्रवार को भी हरिद्वार में डाक कांवड़ पहुंचने का सिलसिला जारी है। अब तक कुल कावड़ यात्रियों का आंकड़ा 4 करोड़ के करीब पहुँच चुका है। पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक पहले दिन पहले दिन एक लाख 10 हजार, दूसरे दिन 8 लाख 50 लाख, तीसरे 10 लाख 50 हजार, चौथे दिन 15 लाख 20 हजार पांचवें दिन 22 लाख 25 हजार, छठे दिन 32 लाख 40 हजार, सातवें दिन 45 लाख 10 हजार, आठवें दिन 57 लाख 20 हजार, नौवें दिन 67 लाख कांवड़िए गंगाजल भरकर रवाना हुए थे।

हरिद्वार-दिल्ली हाईवे जाम

कांवड़ियों की वजह से मंगलौर का हाईवे पूरी तरह पैक हो गया है। हाईवे की दोनों लेन पर वाहन रेंग-रेंग कर चल रहे हैं। दिल्ली हरियाणा पंजाब की ओर से हरिद्वार आने वाले वाहनों की वजह से मंगलौर में हाईवे पर लगातार जाम लग रहा है। जबकि दूसरी साइड पर हरिद्वार से आने वाले दोपहिया वाहन पर गंगाजल लेकर जाने वाले कांवड़ यात्रियों निकाला जा रहा है।