Home देश-विदेश दुखद खबर: राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम जी मंदिर में भगदड़ मचने...

दुखद खबर: राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम जी मंदिर में भगदड़ मचने से तीन महिला श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

Khatu Shyam Ji temple Rajasthan

Khatu Shyam Ji : राजस्थान के प्रसिद्ध खाटूश्याम जी से एक बेहद दुखद खबर आई है। यहाँ बाबा श्याम के मासिक मेले में सोमवार की सुबह भगदड़ मच गई। इस घटना में 3 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। दरअसल सुबह 5 बजे मंदिर के प्रवेश द्वार खोलते ही भीड़ का दबाव बढ़ गया, भीड़ बेकाबू हो गई और लोगों ने धक्का-मुक्की करना शुरू कर दिया। इस अफरा तफरी में तीन महिला श्याम भक्तों की मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु घायल हुए हैं। फिलहल एक महिला की शिनाख्त हो गई है। मंदिर के पट बंद कर दिया है।

बता दें कि खाटू श्याम जी में पुत्रदा एकादशी पर मासिक मेला लगता है। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ते हैं। ऐसे में रविवार देर रात को दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटने लगे। इसी दौरान आरती के लिए जब मंदिर के पट बंद किए गए तो पट के पास दबाव बढ़ गया और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान भीड़ बेकाबू हो गई और लोगों ने धक्का-मुक्की करना शुरू कर दिया। इस दौरान कई महिला और पुरुष श्रद्धालु नीचे गिर गए। जो उठ नहीं पाए। भगदड़ मचने के कारण तीन महिला श्रद्धालु की जान चली गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और मंदिर कमेटी के गार्ड्स ने आनन-फानन में व्यवस्था संभाली।

पुलिसकर्मियों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं कई लोग जख्मी हो गए। दो घायलों को जयपुर रेफर किया गया है। वहीं एक का खाटूश्यामजी सीएचसी में इलाज चल रहा है। मृतक महिलाओं में एक हरियाणा के हिसार की थी। जबकि दो अन्य की पहचान नहीं हो सकी।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सीकर हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि सीकर में खाटूश्याम जी के मंदिर में भगदड़ होने से तीन दर्शनार्थी महिलाओं की मृत्यु बेहद दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं, ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें।