पाबौ ब्लॉक में तेंदुए ने अधेड़ व्यक्ति को बनाया शिकार, दहशत में हैं लोग

0
1223

पौड़ी गढ़वाल: पौड़ी जनपद के पाबौ ब्लाक में बीती रात तेंदुए (गुलदार) ने एक व्यक्ति को मार डाला। मृतक का शव शुक्रवार सुबह सड़क से करीब 30 मीटर नीचे बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि मृतक की मानसिक हालत ठीक नहीं थी और वह पिछले कई वर्षों से इसी क्षेत्र में रहता था। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बीती रात को पौड़ी-थलीसैंण मार्ग पर चोलोसैंण इंटर कॉलेज के नजदीक तेंदुए ने करीब 50 साल के व्यक्ति को अपना शिकार बना डाला। मृतक का नाम मनोज बताया जा रहा है। मृतक लंबे समय से इसी क्षेत्र में रह कर होटल में काम करता था। उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। शुक्रवार सुबह मृतक का शव सड़क से करीब 30 मीटर नीचे बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पौड़ी भेज दिया है। स्थानीय लोगों से पता चला है कि मृतक बिहार का रहने वाला था।

तेंदुए द्वारा इस तरह से इंसान को मार डालने से स्थानीय लोगों में भय और आतंक का माहौल है। स्कूल के नजदीक इस तरह की घटना होने से बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों में भी भय व्याप्त है। क्षेत्रीय जनता ने वन विभाग से जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here