पौड़ी गढ़वाल: जय कंडोलिया महोत्सव के तहत पौड़ी के कंडोलिया में आयोजित राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब नॉर्दर्न रेलवे ने अपने नाम कर लिया। अतिरिक्त समय तक चले रोमांचक फाइनल मुकाबले में नॉर्दर्न रेलवे ने गढ़वाल हीरोज को 2-1 से शिकस्त देकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर मुकाबले को यादगार बना दिया।

रविवार को कंडोलिया खेल मैदान में खेले गए फाइनल मुकाबले का शुभारंभ ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद फुटबॉल को किक मारकर मैच का आगाज किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि खेलों को जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है, क्योंकि खेल शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं।

मैच की शुरुआत से ही गढ़वाल हीरोज ने आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ में गढ़वाल हीरोज के सिद्धार्थ ने 20वें मिनट में बेहतरीन गोल दागकर गढ़वाल हीरोज को 1-0 की बढ़त दिलाई। पहले हाफ तक यह बढ़त बरकरार रही, लेकिन दूसरे हाफ के शुरू होते ही नॉर्दर्न रेलवे ने बेहतरीन वापसी की। दूसरे हाफ में नॉर्दर्न रेलवे के जितेंद्र ने 47वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। जिसके चलते मुकाबला अतिरिक्त समय में पहुंच गया। अतिरिक्त समय के पहले हाफ में दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। मैच जब पेनाल्टी शूटआउट की ओर बढ़ता नजर आ रहा था, तभी दूसरे हाफ के अंतिम क्षणों में नॉर्दर्न रेलवे के कारणदीप ने निर्णायक गोल दागकर अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके साथ ही नॉर्दर्न रेलवे ने खिताब अपने नाम कर लिया।

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए नॉर्दर्न रेलवे के जितेंद्र राणा को बेस्ट प्लेयर और कारणदीप को बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार प्रदान किया गया।

फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाईकोर्ट के एडिशनल एडवोकेट जनरल संजीव उनियाल मौजूद रहे। नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

फाइनल मुकाबले से पहले खेले गए मैत्री मुकाबलों में बालिका वर्ग में आजाद एफसी पौड़ी ने सितोनस्यूं को 1-0 से हराया। वहीं 50 प्लस आयुवर्ग में देहरादून मास्टर्स ने पौड़ी मास्टर्स को 2-1 से पराजित किया।

समापन समारोह में विजेता नॉर्दर्न रेलवे टीम को 1.25 लाख रुपये की नगद पुरस्कार राशि और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता गढ़वाल हीरोज को 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।

फुटबॉल के फाइनल में हमेशा की तरह बंगारी परिवार की ओर से सबसे ज्यादा गोल दागने वाले को 11 हजार की नगद धनराशि प्रदान की गई

जगमोहन डांगी की रिपोर्ट