लोनी: उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकभाषाओं एवं प्रतिभाओं के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से उत्तरांचल सांस्कृतिक भ्रातृ समिति, रामपार्क विस्तार, लोनी द्वारा पहली बार “उत्कृष्ट प्रतिभा सम्मान पुरस्कार–2026” का भव्य आयोजन आगामी 5 जुलाई 2026 को आशीष फार्म हाउस, खानपुर मोड़, रामपार्क विस्तार, लोनी में किया जाएगा। कार्यक्रम सायं 3:45 बजे से 7:00 बजे तक आयोजित होगा।

समिति के अध्यक्ष जयेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं है, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोकभाषाओं और पारंपरिक संस्कारों के संरक्षण एवं नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. विनोद बच्छेती (संरक्षक, उत्तराखंड लोकभाषा साहित्य मंच, दिल्ली, चेयरमैन डीपीएमआई दिल्ली एवं प्रदेश मंत्री, भाजपा दिल्ली प्रदेश) होंगे। उनके कर-कमलों द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं तथा समाज के विशिष्ट व्यक्तित्वों को  “उत्कृष्ट प्रतिभा सम्मान पुरस्कार–2026”  से सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में गढ़वाली, कुमाऊँनी एवं जौनसारी लोकभाषाओं पर आधारित लोकगीतों, लोकनृत्यों एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन होगा। समिति की सांस्कृतिक कार्यशाला से जुड़े नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत करेंगे।

समिति ने उत्तराखंड प्रवासी समाज, मातृशक्ति, युवाओं एवं क्षेत्र के सभी सम्मानित नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।