पौड़ी, 28 जुलाई: जनपद पौड़ी के खेल प्रतिभाओं के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशों पर आगामी 1 अगस्त से कोटद्वार स्थित शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में क्रिकेट एवं बास्केटबॉल तथा पौड़ी के रांसी स्टेडियम में वॉलीबॉल का नियमित प्रशिक्षण प्रारंभ किया जाएगा। प्रशिक्षण खेलो इंडिया योजना की गाइडलाइन के तहत प्रशिक्षित कोचों द्वारा कराया जाएगा तथा खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
दरअसल, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने हाल ही में शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम, कोटद्वार और रांसी स्टेडियम, पौड़ी का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान खिलाड़ियों, अभिभावकों और स्थानीय खेल प्रेमियों ने नियमित प्रशिक्षकों की नियुक्ति, खेल सामग्री उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थित प्रशिक्षण शिविर संचालित करने की मांग उठाई थी। उन्होंने बताया था कि जिले के अनेक बच्चे क्रिकेट, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल में रुचि रखते हैं, लेकिन विशेषज्ञ कोचों के अभाव में उन्हें उचित मार्गदर्शन नहीं मिल पा रहा है।
खिलाड़ियों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने खेलो इंडिया योजना के अनुरूप प्रशिक्षित कोचों की शीघ्र नियुक्ति के निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में अब एक अगस्त से नियमित प्रशिक्षण सत्र शुरू किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण प्रारंभ होने से बच्चों और युवाओं को अनुभवी कोचों के मार्गदर्शन में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त होगा। इससे खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता, फिटनेस और प्रतियोगी क्षमता में वृद्धि होगी तथा वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकेंगे। प्रशिक्षण के दौरान आवश्यक खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का वातावरण मिलेगा।
जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण सत्र नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे। प्रशिक्षित कोच खिलाड़ियों को खेलों की तकनीकी बारीकियों, फिटनेस, अनुशासन और प्रतियोगी रणनीतियों का प्रशिक्षण देंगे। उन्होंने बताया कि क्रिकेट एवं बास्केटबॉल प्रशिक्षण के इच्छुक खिलाड़ी 1 अगस्त से शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम, कोटद्वार तथा वॉलीबॉल प्रशिक्षण के इच्छुक खिलाड़ी रांसी स्टेडियम, पौड़ी में अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इस पहल से जनपद की खेल प्रतिभाओं को न केवल स्थानीय स्तर पर बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा, बल्कि उन्हें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का अवसर भी प्राप्त होगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य ऐसी मजबूत खेल व्यवस्था विकसित करना है, जिससे जनपद के बच्चे खेलों में पेशेवर स्तर पर अपना भविष्य बना सकें और जिले में खेल संस्कृति को नई मजबूती मिल सके।



