prithivi-shaw

राजकोट:  गुरुवार को भारत और वेस्ट इंडीज के बीच गुजरात के राजकोट में खले जा रहे पहले टेस्ट मैच में भारत के युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने अपने डेब्यू मैच में शानदार शतक लगाकर टीम को जोरदार शुरुआत दी है। टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने हुए अब तक 34 ओवर में 1 विकेट पर 182 रन बना लिए हैं। इस मैच से टेस्ट डेब्यू करने वाले युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (102) और चेतेश्वर पुजारा (74) क्रीज पर मौजूद हैं।

भारत के पिछली अंडर-19 टीम के कप्तान पृथ्वी ने घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। जिसके दम पर उन्हें टीम इंडिया में पहली बार टेस्ट मैच खेलने का मौका दिया गया है।

आज वेस्ट इंडीज के खिलाफ राजकोट से टेस्ट डेब्यू करने वाले पृथ्वी शॉ ने शतक जड़ दिया है। ऐसा करके वह डेब्यू टेस्ट में शतक लगाने वाले सबसे युवा भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं। पृथ्वी शॉ की कप्तानी में ही भारत ने इसी साल अंडर-19 विश्व कप का खिताब जीता था। शॉ ने पिछले साल इसी मैदान पर रणजी ट्रोफी में पदार्पण किया था और शतक बनाया था।

पृथ्वी शॉ ने सिर्फ 14 साल की उम्र में हैरिस शील्ड ट्रॉफी में 546 रनों की पारी खेल वर्ल्ड रिकॉर्ड बना डाला था। 17 साल की उम्र में उन्होंने फर्स्ट क्लास डेब्यू किया और मुंबई के लिए खेलते हुए शतक ठोका। इसके अलावा उन्होंने दिलीप ट्रॉफी के डेब्यू में भी शतकीय पारी खेली।

पृथ्वी शॉ ने अपने 14 फर्स्ट क्लास मैचों में अबतक 56.72 की शानदार औसत से 1418 रन बनाये है। वो 7 शतक और 5 अर्धशतक लगा चुके है। महज 18 साल के इस बल्लेबाज ने बेंगलुरू में साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ शानदार शतक लगाया था। हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर इंडिया ए की ओर से पृथ्वी शॉ ने तीन शतक ठोके थे।

पहले दिन का खेल ख़त्म होने पर टीम इंडिया ने 4 विकेट के नुकसान पर 364 रन बना लिए थे। पृथ्वी शॉ ने शानदार 134 रन बनाये। जबकि चेतेश्वर पुजारी 86 रन बनाकर आउट हुए। अजंक्या रहाणे ने 41 बनाए। कप्तान विराट कोहली 71 रनों पर जबकि रिषभ पंत 17 रनों पर नाबाद हैं।