vignesh-fogat

नई दिल्ली: इंडोनेशिया के जकार्ता और पालेंगमबांग में चल रहे 18वें एशियाई खेलों का दूसरा दिन भारत के लिए बेहद शानदार रहा। आज भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने टूर्नामेंट में शानदार आगाज करते हुए मेजबान इंडोनेशिया को 17-0 से रौंद दिया। एशियाई खेलों में यह भारतीय हॉकी की सबसे बड़ी जीत है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम का इरादा एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर तोक्यो ओलिंपिक 2020 का टिकट हासिल करना है। सोमवार को पूल A के अपने पहले मुकाबले में ही हॉकी टीम इंडिया ने इंडोनेशिया को 17-0 से हराकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। पुरुष हॉकी के इस मुकाबले में दिलप्रीत सिंह, सिमरनजीत सिंह और मनप्रीत सिंह ने 3-3, रुपिंदर सिंह और आकाशदीप ने 2-2, एस. वी. सुनील, विवेक सागर, हरमनप्रीत और अमित ने 1-1 गोल दागे।

इससे पहले आज भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने कुश्ती में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतकर  इतिहास रच दिया। विनेश फोगाट कुश्ती में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बन गई हैं। विनेश फोगाट ने 50 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती के फाइनल में जापान की इरी युकी को 6-2 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके साथ वह एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बन गई हैं। इससे पहले खेलों के इस महाकुम्भ के पहले ही दिन रविवार को बजरंग पूनिया ने देश के लिए पुरुषों की कुश्ती का पहला गोल्ड मेडल दिलाया था।

वहीँ आज भारत को कुछ निराशा भी हाथ लगी, भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी सायिना नेहवाल अपना मैच हार गई है। इसके अलावा ओलिंपिक खेलों की कांस्‍य पदक विजेता साक्षी मलिक 62 किलोवर्ग में कोरिया की जांगे सिम रिम से हारकर एशियन गेम्‍स में पदक जीतने से चूक गईं।

यह भी पढ़ें:

एशियन गेम्स 2018: बजरंग पूनिया ने भारत को दिलाया पहला गोल्ड, सुशील कुमार हुए बाहर