कीर्तिनगर: राजकीय इंटर कॉलेज, कीर्तिनगर में आयोजित भारतीय भाषा समर कैंप–2026 का तृतीय दिवस उत्साह एवं शिक्षण गतिविधियों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना सभा से हुआ, जिसके उपरांत उपस्थित 44 छात्र-छात्राओं ने योगाभ्यास एवं विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। योग सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता एवं सकारात्मक ऊर्जा का विकास किया गया।
इसके बाद संदर्भदाता विभा भट्ट द्वारा पिछले दो दिनों में कराई गई अंग्रेजी भाषा गतिविधियों एवं स्पीकिंग स्किल्स का मूल्यांकन करने के उद्देश्य से लघु परीक्षण आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अंग्रेजी भाषा सीखने के प्रति अपनी रुचि एवं आत्मविश्वास का परिचय दिया।
कार्यक्रम में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से पधारे द्वितीय संदर्भदाता अतुल भटनागर ने विद्यार्थियों को अंग्रेजी भाषा अधिगम के महत्व, भाषा सीखने की सरल तकनीकों तथा दैनिक जीवन में अंग्रेजी के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। उनके प्रेरणादायी मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को नई सीख एवं प्रेरणा प्राप्त हुई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. यशवंत सिंह नेगी ने विद्यार्थियों को भाषाई दक्षता विकसित करने के लिए नियमित अभ्यास और संवाद कौशल पर विशेष ध्यान देने की प्रेरणा दी। वहीं कमलेश चंद्र जोशी, संजय पाल सिंह बिष्ट, संदीप मैठानी, संगीता सिंह एवं उषा पोखरियाल ने भी विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास, संप्रेषण क्षमता और भाषा कौशल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं।
समर कैंप का तृतीय दिवस विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता, सीखने की उत्सुकता एवं सकारात्मक ऊर्जा के साथ अत्यंत सफल एवं ज्ञानवर्धक रहा।



