Home उत्तराखण्ड UKPSC Recruitment: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने 222 पदों पर निकाली सीधी...

UKPSC Recruitment: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने 222 पदों पर निकाली सीधी भर्ती, आज से आवेदन शुरू

UKPSC Recruitment 2024: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटे बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने गृह विभाग के अंतर्गत खाली पड़े 222 पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों के लिए आज यानी 31 जनवरी 2024 से आयोग की अधिकारिक वेबसाइट https://psc.uk.gov.in/ पर ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं। आवेदन के लिए अंतिम तारीख 20 फरवरी 2024 रखी गई है।

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा जारी किए गए विज्ञापन के अनुसार उप निरीक्षक नागरिक पुलिस और अभिसूचना के लिए 108 पदों पर भर्ती होगी। जिसमें 65 पदों पर नागरिक पुलिस के उप निरीक्षक और 43 पदों पर अभिसूचना के उपनिरीक्षक भरे जाएंगे। इसके अलावा पीएसी के गुल्मनायक पद के लिए 89 खाली सीटों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पद पर भी भर्ती होनी है। जिसमें खाली 25 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। गृह विभाग के अंतर्गत इन खाली पदों के लिए विभिन्न जानकारियां लोक सेवा आयोग की वेबसाइट पर भी विस्तार से दी गई हैं।

21 साल से 28 साल तक के युवा कर सकते हैं आवेदन:

आयोग की ओर से जारी किए गए विज्ञापन में आरक्षण के अनुसार पदों की जानकारी भी दी गई है। इन पदों के लिए शैक्षिक अर्हता स्नातक तय की गई है। सब इंस्पेक्टर व गुल्मनायक के लिए आवेदक की आयु 21 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। मान्यता प्राप्त विवि से ग्रेजुएशन पास होना चाहिए। शारीरिक मानक अलग से दिए गए हैं।

भर्ती के लिए हल्द्वानी, हरिद्वार, देहरादून, अल्मोड़ा, चंपावत, बागेश्वर, चमोली, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। परीक्षा का आवेदन अभ्यर्थी एक ही जिले से कर सकता है। उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस एवं अभिसूचना) के 108 पद, गुल्म नायक पुरुष (पीएसी एवं आईआरबी) के 89 पद और द्वितीय अधिकारी महिला और पुरुष (अग्निशमन) के 25 पदों के लिए अर्हता रखने वाले युवा आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन में आने वाली किसी भी समस्या के लिए अभ्यर्थी ukpschelpline@gmail.com पर ई-मेल कर सकते हैं। ज्यादा जानकारी के लिए इस लिंक पर क्लिक कर नोटिफिकेशन देखें. https://psc.uk.gov.in/candidate-corner/recruitment 

https://psc.uk.gov.in/public/uploads/recruitment/1264893359.pdf

पुराने अभ्यर्थियों को दी आयोग ने राहत

यह भर्ती पूर्व में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने तीन जनवरी 2022 को निकाली थी। तब हजारों अभ्यर्थियों ने इस भर्ती के लिए आवेदन किया था। उन सभी अभ्यर्थियों के लिए आयु एक जुलाई 2021 को न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 29 वर्ष होनी चाहिए। पेपर लीक प्रकरण के बीच ये भर्ती अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से राज्य लोक सेवा आयोग को ट्रांसफर हो गई थी, जिस पर अब आयोग ने विज्ञापन जारी किया है।