पौड़ी। पौड़ी के रांसी स्पोर्ट्स स्टेडियम में सात अक्टूबर से आयोजित 76वीं विद्यालयी जनपदीय शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता ‘गढ़देवा-2026’ का समापन उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। चार दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विकासखंडों के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता में 171 अंकों के साथ यमकेश्वर विकासखंड ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। थलीसैंण 151 अंकों के साथ उपविजेता रहा, जबकि दुगड्डा 85 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मार्चपास्ट की सलामी लेकर किया था। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
समापन समारोह में अपर शिक्षा निदेशक पदमेन्द्र बिष्ट, मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेय सयाना, कार्यक्रम संयोजक एवं खंड शिक्षा अधिकारी मास्टर आदर्श, सह-संयोजक एवं प्रधानाचार्य एम.आई.सी. पौड़ी डॉ. योगेन्द्र सिंह सहित अनेक अधिकारी, शिक्षक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
व्यक्तिगत चैंपियनशिप में इन खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
- सब-जूनियर बालिका वर्ग में कुमारी राधिका (राजकीय इंटर कॉलेज, बसंतपुर, कोट) ने 200 मीटर दौड़, ऊंची कूद तथा 100 मीटर बाधा दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर व्यक्तिगत चैंपियनशिप अपने नाम की।
- जूनियर बालिका वर्ग में कुमारी माधवी (राजकीय इंटर कॉलेज, श्रीनगर गढ़वाल, खिर्सू) ने 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद में प्रथम स्थान हासिल किया।
- जूनियर बालक वर्ग में विवेक (राजकीय इंटर कॉलेज, गंगा भोगपुर, यमकेश्वर) ने 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ और लंबी कूद में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
- सीनियर बालिका वर्ग में कुमारी प्रिया (राजकीय इंटर कॉलेज, भृगुखाल, यमकेश्वर) ने 100 मीटर, 400 मीटर दौड़ तथा लंबी कूद में स्वर्णिम प्रदर्शन किया।
- सीनियर बालक वर्ग में अनुराग सिंह (राजकीय इंटर कॉलेज, दिउली) ने 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।
निर्णायक मंडल और आयोजन समिति की रही अहम भूमिका
प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निर्णायक मंडल में जिला खेल समन्वयक योगम्बर नेगी, राजीव रावत, मृदुला गुजराल, वर्षा, बबीता रावत, डॉ. कनिक कौशल, राजेन्द्र रावत, जयकृत भंडारी, दुर्गेश बर्तवाल, नरेश जुयाल, भारत बिष्ट, महिपाल सिंह लिंगवाल, पंकज कोहली, जितेन्द्र राणा, पूरण सिंह नेगी, धर्मेंद्र नेगी तथा कुंवर पाल सिंह शामिल रहे।
कार्यक्रम संयोजक एवं खंड शिक्षा अधिकारी मास्टर आदर्श ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, शिक्षकों, निर्णायकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन उद्घोषक मनोहर चमोली ने किया, जबकि प्रचार-प्रसार समिति में महेश गिरि ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे पौड़ी का प्रतिनिधित्व
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ी अब अक्टूबर 2026 में हल्द्वानी में प्रस्तावित राज्य स्तरीय विद्यालयी क्रीड़ा प्रतियोगिता में पौड़ी जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे। जनपद के इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से राज्य स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
जिला खेल समन्वयक योगम्बर नेगी ने कहा कि ‘गढ़देवा-2026’ ने विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने, अनुशासन सीखने तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान किया। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए बेहतर प्रदर्शन की कामना की।

















