CM Pushkar Singh Dhami won Champawat by-election

Champawat By Election Results: उत्तराखंड की चंपावत विधानसभा सीट पर 31 मई को हुआ उपचुनाव सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जीत लिया है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी को भारी मतों से हराया है। सीएम पुष्कर ने वोटों की गिनती के पहले ही राउंड में बढ़त बना ली थी। 13 चरणों में हुई मतगणना के बाद सीएम धामी ने 55025 मतों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस उपचुनाव में कुल 61595 लोगों ने मतदान किया। जिनमे से सीएम पुष्कर सिंह धामी को 58258 तथा कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी को 3233 मत मिले। इस तरह सीएम धामी ने कांग्रेस प्रत्याशी को 55 हजार 25 वोटों से हरा दिया। पहली बार कांग्रेस की जमानत जब्त हुई।

सीएम धामी की जीत से भाजपा खेमे में खुशी का माहौल है। बीजेपी कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ धामी की जीत का जश्न मना रहे हैं और एक दूसरे का मुंह-मीठा करा रहे हैं। गौरतलब है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पद पर बने रहने के लिए पुष्कर सिंह धामी का चंपावत विधानसभा सीट से जीतना बेहद जरूरी था। अब जब उन्होंने इस सीट पर विजय हासिल कर ली है तो धामी सीएम पद पर बने रहेंगे। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जीत मिलने पर जनता का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि, “ मैं चंपावत की जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने मुझे अपना समर्थन दिया।”

बता दें कि  राज्य में इसी वर्ष हुए विधानसभा के आम चुनाव में 70 में से 47 सीटें जीतकर भाजपा ने एक नया रिकॉर्ड तो बना लिया था लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने विधानसभा क्षेत्र खटीमा से हार गए थे। इस हार के बावजूद पार्टी आलाकमान ने उन पर भरोसा जताते हुए , उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री की कुर्सी पर काबिज किया था। धामी ने 23 मार्च को लगातार दूसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।  हालांकि संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार मुख्यमंत्री बने रहने के लिए उन्हें 6 महीने के अंदर विधायक बनना है, इसलिए चंपावत विधानसभा का उपचुनाव उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर काफी महत्वपूर्ण हो गया।