Two BJP leaders-died in road accident

उत्तराखंड के चमोली जिले से एक दुखद खबर आ रही है। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीपलकोटी के पास एक कार के गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में मारे गए दोनों लोग भाजपा के नेता बताये जा रहे हैं। जो कर्णप्रयाग में भाजपा की बैठक के बाद घर लौट रहे थे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार को कर्णप्रयाग में भाजपा की बैठक के बाद बदरी-केदार मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल (63) अपनी कार से घर लौट रहे थे। उनके साथ भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष कुलदीप चौहान (40) भी कार में सवार थे। शाम करीब सात बजे पीपलकोटी के नजदीक उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में जा गिरी।

हादसे की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने एक शव को रेस्क्यू कर नदी से बाहर निकाल लिया है जबकि एक व्यक्ति का शव अभी भी नदी के पास चट्टान में फंसा हुआ है। खतरनाक चट्टान होने के कारण अंधेरे में कुछ पता नहीं चल पाया। अंधेरा होने के कारण पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन को रोक दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब सोमवार सुबह रेस्क्यू कर शव को निकाला जाएगा। शव की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान चमोली भाजपा के ओबीसी मोर्चे के जिलाध्यक्ष कुलदीप चौहान के रूप में हुई है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने दोनों नेताओं की मौत की पुष्टि की है।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गहरा दुःख जताया

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने बद्री केदार मंदिर समिति के निवर्तमान अध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति व शोक संतप्त परिवार जनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने कुलदीप सिंह चौहान के निधन पर भी शोक व्यक्त किया है।