Narendra Singh Bhandari and famous folk artist Ramratan Kala passed away

उत्तराखंड के पूर्व शिक्षा मंत्री व कांग्रेस नेता नरेंद्र सिंह भंडारी का कल रात हृदय गति रुकने से निधन हो गया। पौड़ी से पूर्व विधायक रहे 77 वर्षीय भंडारी ने कोटद्वार के बलभद्रपुर स्थित अपने आवास में अंतिम सांस ली। नरेंद्र सिंह भंडारी ने वर्ष 2002 से 2007 तक नारायण दत्त तिवारी सरकार में बतौर शिक्षा मंत्री सेवा दी थी। नरेंद्र सिंह भंडारी ने कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष भी रहे। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने प्रदेश के पूर्व शिक्षा मंत्री नरेन्द्र सिंह भण्डारी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति व शोक संतप्त परिवार जनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

नहीं रहे पौड़ी गढ़वाल के प्रसिद्ध लोक कलाकार रामरतन काला

गढ़वाली गीतों के प्रसिद्ध गायक व प्रख्यात रंगकर्मी रामरतन काला इस दुनिया को अलविदा कह गए। आकाशवाणी और दूरदर्शन के जाने-माने कलाकार रामरतन काला का कल रात हृदयगति रुकने से उनका निधन हो गया। सतपुली, पौड़ी गढ़वाल के मूल निवासी स्व. काला वर्तमान में कोटद्वार भाबर में रह रहे थे। बीते कुछ सालों से लकवे के चलते उन्हें रंगमंच से दूर होना पड़ा था।

स्व. रामरतन काला ने लोकगायक नरेन्द्र सिंह नेगी के वीडियो गीतों मे भी यादगार अभिनय किया। जिसमें ‘नया जमना का छौरों कन उठि बौल रौक एण्ड रोल, तेरो मछोई गाड़ बोगिगे ले खाले अब खा माछा, समद्युला का द्वी दिन समलौणा ह्वै गीनि’ आदि सैकड़ों गीतों में काला ने बेहतरीन अदाकारी की थी।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने प्रख्यात रंगकर्मी रामरतन काला के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री स्वनाम धन्य लोक कलाकार एवं प्रख्यात रंगकर्मी रामरतन काला के निधन के दुःखद समाचार से मन बहुत व्यथित हुआ। यह सांस्कृतिक जगत की अपूर्णनीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे और शोकाकुल परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।