Helicopter Crash in Uttarkashi: उत्तराखंड के सीमांत जनपद उत्तरकाशी में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. उत्तरकाशी के गंगनानी के पास तीर्थयात्रियों को ले जा रहा एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया है। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत 7 लोग सवार थे। इनमें से पायलट समेत कुल 6 की मौत हो गई है। जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। हेलीकॉप्टर यमुनोत्री दर्शन के बाद गंगोत्री जा रहा था जहाँ इन्हें हर्षिल हेलीपेड पर लैंड करना था।
एक घायल को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। सवार चार यात्री मुंबई और दो आंध्रप्रदेश के बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के साथ ही आपदा प्रबंधन की टीम मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचते ही टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
गुरुवार सुबह करीब 08:50 बजे SDRF को सूचना प्राप्त हुई कि गंगनानी क्षेत्र में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना प्राप्त होते ही पोस्ट भटवाड़ी से मुख्य आरक्षी श्री नवीन कुमार के नेतृत्व में टीम तत्काल रवाना की गई, वहीं पोस्ट उजेली से उपनिरीक्षक पुष्कर जीना के नेतृत्व में दूसरी टीम रवाना हुई। SDRF टीम भटवाड़ी द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर देखा गया कि हेलीकॉप्टर लगभग 200 से 250 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ है। टीम द्वारा घटनास्थल पर बेस बनाकर खाई में उतरने का रेस्क्यू कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हेलीकॉप्टर Aerotrans Services Pvt. Ltd. का था, जिसकी रजिस्ट्रेशन संख्या VT-OXF है। यह हेलीकॉप्टर सहस्त्रधारा हेलीपैड, देहरादून से खरसाली हेलीपैड के लिए उड़ान पर था। हेलीकॉप्टर के पायलट कैप्टन रॉबिन सिंह थे। हेलीकॉप्टर में कुल 07 व्यक्ति सवार थे, जिनमें 01 पायलट और 06 यात्री शामिल हैं। SDRF द्वारा स्थानीय पुलिस व अन्य बचाव इकाइयों के साथ मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मृतकों की सूची
- काला सोनी (एफ) 61, मुंबई
- विजया रेड्डी (एफ) 57, मुंबई
- रुचि अग्रवाल (एफ) 56, मुंबई
- राधा अग्रवाल (एफ) 79, यूपी
- वेदवती कुमारी 48, एपी(एफ) आंध्र प्रदेश।
- रॉबिन सिंह (एम) 60, गुजरात – पायलट।
घायल
मस्तू भास्कर (एम) 51, एपी, घायल
केदारनाथ हेली सेवा रोकी गई
उत्तरकाशी जिले में आज सुबह हुए हेलिकॉप्टर हादसे के बाद केदारनाथ हेली सेवा पर भी रोक लगा दी गई। जिसके चलते यात्री परेशान हो रहे हैं। कई यात्री अब पैदल ही यात्रा पर निकल पड़े हैं। यूकाडा के अपर कार्यकारी अधिकारी, दयानंद सरस्वती की ओर से यह जानकारी दी गई। गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा तीन जगह से केदारनाथ के लिए हेली सेवा संचालित की जाती है।इन तीनों जगह पर मौजूद यात्री परेशान हो उठे जब अचानक हेली सेवा रोक दी गई। उत्तराकाशी में हेलिकॉप्टर हादसे के बाद तुरंत यह कदम उठाया गया।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
हेलीकॉप्टर हादसे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के हताहत होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। ईश्वर हादसे में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। प्रशासन को घायलों को हर संभव सहायता पहुंचाने एवं हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। कहा कि इस संबंध में लगातार अधिकारियों के संपर्क में हूं और हर स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।