Lok Sabha Election 2024

Loksabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल (शुक्रवार) को उत्तराखंड की 5 लोकसभा सीटों (अल्मोड़ा लोकसभा सीट, गढ़वाल लोकसभा सीट, नैनीताल उधमसिंह नगर लोकसभा सीट, हरिद्वार लोकसभा सीट और टिहरी लोकसभा सीट) पर मतदान होना है। लोकसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में चल रहा चुनाव प्रचार का शोर आज यानी बुधवार शाम पांच बजे थम गया है। जिसके तहत अब कोई भी राजनीतिक पार्टी जनसभाएं नहीं कर पाएंगी। हालांकि पार्टियां अब डोर-टू डोर अभियान चलाकर जनता से अपने पक्ष में वोट करने की अपील करेंगे।

इसके साथ ही प्रदेश में शराबबंदी लागू हो गई है। मतदान संपन्न होने तक शराब की बिक्री और लाने-ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राज्य में आज सांय 05 बजे से मतदान समाप्ति तक ड्राई डे घोषित किया गया है। मतगणना के दिवस पर भी ड्राई डे घोषित किया गया है। उत्तराखण्ड राज्य में और उत्तराखण्ड से लगे हुए उत्तर प्रदेश के उन जनपदों में जहां पर प्रथम चरण में 19 अप्रैल 2024 को मतदान होने वाला है, उन क्षेत्रों में 17 अप्रैल 2024 को सायं 05 बजे से लेकर 19 अप्रैल 2024 को सायं 06 बजे तक ड्राई डे प्रभावी रहेगा। 07 मई 2024 को उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में मतदान के दृष्टिगत 05 मई सायं 06 बजे से 07 मई को सायं 06 बजे तक बरेली से लगे हुए राज्य के उधमसिंह नगर क्षेत्र में ड्राई डे प्रभावी रहेगा। हरियाणा राज्य में 25 मई 2024 को होने वाले मतदान के दृष्टिगत 23 मई सायं 06 बजे से 25 मई 2024 को सायं 06 बजे तक और हिमाचल प्रदेश में 01 जून 2024 को होने वाले मतदान के दृष्टिगत 30 मई सायं 06 बजे से 01 जून 2024 को सायं 06 बजे तक इन राज्यों से लगे देहरादून के क्षेत्र में ड्राई डे प्रभावी रहेगा। अन्य राज्यों में विभिन्न चरणों में होने वाले मतदान के दौरान उनकी सीमा से उत्तराखण्ड के जो जनपद लगे हैं, उन जनपदों की 03 किमी की परिधि के भीतर ही ड्राई डे प्रभावी होगा।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने बताया, कुल 11,729 पोलिंग पार्टियां मतदान में लगेंगी। उन्होंने बताया, 15 हजार पार्टियां तैयार की गईं थीं। एक पोलिंग पार्टी में चार सदस्य शामिल हैं। बताया, पहले दिन 12 पोलिंग पार्टियां भेजी गई थीं। बुधवार को 703 और रवाना कर दी गईं। इनमें पौड़ी गढ़वाल की 181, अल्मोड़ा की 136 और देहरादून की 122 पोलिंग पार्टियां शामिल हैं। वहीँ मतदान से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को 11,008 पोलिंग पार्टियां अपने गंतव्य को रवाना की जाएंगी। 55 हजार से ज्यादा कर्मचारी पोलिंग पार्टियों में शामिल हैं।