देहरादून : शासन ने आखिरकार रविवार को जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर आरक्षण सूची जारी कर दी है। पहली बार अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षण किया गया है। रविवार को जारी सूची में सात जिलों में अध्यक्ष पद महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर इस बार पौड़ी की सीट को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कर दिया गया है इससे पहले यह सीट महिला आरक्षित थी। सचिव (प्रभारी) पंचायतीराज डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा द्वारा जारी अनन्तिम सूची में कहा गया है कि आरक्षण को लेकर यदि किसी को कोई आपत्ति हो तो वह तय समयावधि में सचिव पंचायतीराज कार्यालय अथवा संबंधित जिलाधिकारी के पास इसे दर्ज करा सकता है। सभी जिलाधिकारी प्राप्त आपत्तियां शासन को प्रेषित करेंगे। आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची का प्रकाशन 29 अक्तूबर को होगा। पंचायत चुनाव के तहत इस बार ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायत प्रमुखों के आरक्षण की सूची पहले ही जारी की जा चुकी है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव का संशोधित कार्यक्रम भी शासन को भेजा जा चुका है। नए कार्यक्रम के अनुसार जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख का चुनाव नवंबर माह के पहले हफ्ते में होने की उम्मीद हैं।

अध्यक्ष जिला पंचायत पर जारी आरक्षण/श्रेणी  

जिला                      आरक्षण/श्रेणी                      
उत्तरकाशी                अनारक्षित
टिहरी                    अनारक्षित
पौड़ी                    अनुसूचित जाति
रुद्रप्रयाग                अनुसूचित जाति (महिला)
चमोली                  अनारक्षित
देहरादून             अनुसूचित जनजाति (महिला)
ऊधमसिंह नगर        अन्य महिला
नैनीताल                अन्य महिला
अल्मोड़ा               अनारक्षित
चंपावत                अन्य महिला
बागेश्वर                अन्य महिला
पिथौरागढ़            अन्य पिछड़ा वर्ग (महिला)