journalist Dr. Deepak Upreti dies

देहरादून : उत्तराखंड में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फ़ैल रहा है। अब तक इस बीमारी से कई लोग अपनी जान गवां चुके हैं। शनिवार सुबह कोरोना के चलते उत्तराखंड के बेरीनाग (पिथौरागढ) के वरिष्ठ पत्रकार डॉ. दीपक उप्रेती का भी निधन हो गया। 62 वर्षीय दीपक उप्रेती का खांसी और सीने में कुछ तकलीफ के चलते चार दिन पूर्व कोरोना टेस्ट किया गया था, जिसमें वह पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। जहाँ शनिवार सुबह करीब साढ़े 8.30 बजे उनका निधन हो गया। उनके निधन से पत्रकारों, साहित्यकारों, सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं, संगठनों व जनप्रतिनिधियों समेत आम नागरिकों में गहरा शोक व्याप्त है।

लम्बे समय तक अमर उजाला के पिथौरागढ़ ब्यूरो प्रभारी रहे डॉ. दीपक उप्रेती ने दैनिक उत्तर उजाला से अपने पत्रकारिता कैरियर की शुरूआत की थी। उन्होंने कुछ साप्ताहिक अखबारों में भी काम किया। वे पिछले एक डेढ़ वर्ष पूर्व अमर उजाला से सेवानिवृत हुए थे। मूल रूप से ग्राम विनायक, मुवानी तहसील डीडीहाट निवासी स्व. डॉ. दीपक उप्रेती के परिवार में पत्नी, एक पुत्र व पुत्री हैं। डॉ. दीपक उप्रेती के निधन पर बेरीनाग में पत्रकारों ने शोकसभा की, जिसमें पत्रकारों ने वरिष्ठ पत्रकार दीपक उप्रेती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।

मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार डॉ. दीपक उप्रेती के निधन पर किया शोक व्यक्त

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने वरिष्ठ पत्रकार डॉ. दीपक उप्रेती के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति व शोक संतप्त परिवार जनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

राज्यमंत्री रेखा आर्य और उनका पूरा परिवार कोरोना पॉजिटिव

उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास राज्यमंत्री रेखा आर्य का पूरा परिवार कोरोना पॉजिटिव हो गया है। शनिवार को उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा कि उनकी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह एसिंप्टमेटिक है और कोई परेशानी नहीं है।

यह भी पढ़ें:

उत्तराखंड में आज मिले 728 नए कोरोना संक्रमित, राज्यमंत्री रेखा आर्य और उनका पूरा परिवार कोरोना पॉजिटिव, 10 मरीजों की मौत