Tirath-Singh-Rawat-cm

Uttarakhand New CM tirath singh rawat : पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से सांसद तीरथ सिंह रावत अब उत्तराखंड के 10वें मुख्यमंत्री बन गए हैं। बुधवार को राजभवन परिसर मे आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वह राज्य के 10 वें मुख्यमंत्री हैं। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने किया। शपथ ग्रहण के अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, निवर्तमान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में देहरादून आए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, सांसद अजय भट्ट, अजय टम्टा, महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल आदि शामिल थे। बता दें कि उत्तराखंड के पौड़ी जिले ने राज्य को तीरथ सिंह रावत के रूप में पांचवा मुख्यमंत्री दिया है।

इससे पहले बुधवार सुबह भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित विधायक दल की बैठक में कार्यवाहक मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने तीरथ सिंह के नाम का प्रस्ताव किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। शाम चार बजे राजभवन में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।