uttarakhand-ki-jhanki-Republic Day parade

गणतंत्र दिवस परेड : देवभूमि उत्तराखंड वासियों के लिए बेहद खुशी की बात है। 73वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2022 को राजपथ पर होने वाली विभिन्न राज्यों की ऐतिहासिक झांकियों में इस बार भी देवभूमि उत्तराखंड की झांकी नजर आएगी। इस बार भगवान बद्री विशाल का बदरीनाथ मंदिर, विश्वप्रसिद्ध टिहरी डैम, हेमकुंड साहिब, ऐतिहासिक डोबरा चांठी पुल की भव्यता से सजी देवभूमि उत्तराखंड की झांकी राजपथ पर नजर आएगी। इस बार 12 राज्यों में से देवभूमि की झांकी का चयन हुआ है। जो समस्त प्रदेश वासियों के लिए गौरव की बात है। राज्य गठन के बाद 13वीं बार उत्तराखंड की झांकी के गणतंत्र दिवस परेड में चयनित होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश की जनता को बधाई दी है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने ट्वीटर हैंडल से इस जानकारी को सोशल मीडिया में साझा किया है।

पिछले वर्ष भी गणतंत्र दिवस 2021 समारोह में उत्तराखंड की झांकी ‘केदारखंड’ को शामिल किया गया था। और इस झांकी ने पूरे देश की झांकियों में तीसरा स्थान प्राप्त करने का गौरव हासिल किया था। उत्तराखंड को पहली बार झांकी को लेकर पुरस्कार मिला था। इस बार की झांकी से भी उत्तराखंड की जनता ऐसी ही उम्मीद लगाए बैठी है।

इस वर्ष कोरोना की तीसरी लहर के चलते गणतंत्र दिवस समारोह में दर्शकों की संख्या सीमित कर दी गई है। इस बार तय किया गया है कि कोरोना के चलते कार्यक्रम में कोई मुख्य अतिथि नहीं होगा। इस बार भारतीय सेना के 75 लड़ाकू विमान उड़ान भरेंगे और आसमान में 75 की आकृति बनाएंगे।