Uttarakhand Gaurav Samman 2021

देहरादून : राज्‍य स्‍थापना दिवस की पूर्व संध्‍या पर प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड गौरव सम्मान की घोषणा की है। जिसके अनुसार समाज सेवा एवं लोक सेवा के क्षेत्र में पूर्व मुख्‍यमंत्री स्‍व. नारायण दत्‍त तिवारी (मरणोपरांत) को, पर्यावरणविद् के क्षेत्र में डॉ. अनिल जोशी, साहित्‍याकार के क्षेत्र में रस्किन बांड को, साहसिक खेलों के क्षेत्र में बछेंद्री पाल और संस्‍कृति के क्षेत्र में लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी को वर्ष 2021 का उत्तराखंड गौरव सम्मान दिया जायेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तराखण्ड गौरव सम्मान वर्ष 2021 प्रदान किये जाने हेतु गठित की गयी समिति की संस्तुति के आधार पर सम्मान हेतु चयनित अनिल जोशी, रस्किन बॉण्ड, श्रीमती बछेन्द्री पाल, नरेन्द्र सिंह नेगी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. नारायण दत्त तिवारी को यह सम्मान प्रदेश के विकास में उनके द्वारा दिये गये योगदान का राज्य की ओर से दिया गया सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड महोत्सव के अंतर्गत प्रतिवर्ष 5 व्यक्तियों को दिये जाने वाला उत्तराखण्ड गौरव सम्मान विभिन्न क्षेत्रों में राज्य को पहचान दिलाने वालों का सम्मान है यह सम्मान प्रेरणा का कार्य भी करेगा।