Home उत्तराखण्ड श्रीनगर गढ़वाल : महिला ने अलकनंदा नदी में लगाई छलांग, तलाश जारी

श्रीनगर गढ़वाल : महिला ने अलकनंदा नदी में लगाई छलांग, तलाश जारी

woman-jumps-in-alaknanda-river

श्रीनगर गढ़वाल : श्रीनगर के उफल्डा क्षेत्र के पंच पीपल में गुरुवार शाम एक महिला ने अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने महिला की खोजबीन शुरू कर दी है। लेकिन कई घंटों बाद भी महिला का कुछ पता नहीं चल पाया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक गुरुवार को सायं उफल्डा के पंच पीपल में रहने वाले साधु ने एक महिला को अलकनंदा नदी में छलांग लगाते देखा। साधु के बताने के बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम को घटनास्थल पर महिला का पर्स बरामद हुआ है। श्रीनगर कोतवाली के एसएसआई रणवीर रमोला ने बताया कि पर्स के अंदर महिला का फोटो पहचान पत्र मिला है। जिसके आधार पर महिला की पहचान आरती (31 वर्ष) पत्नी गुडेंद्र निवासी ग्राम दमोली अजनीसैंण तहसील जाखणीधार, टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। इसकी जानकारी थाना हिंडोलाखाल के माध्यम से महिला के परिजनों को दी गई।

बताया जा रहा है कि महिला बिना बताए सुबह 10 बजे घर से निकल गई थी। जानकारी के मुताबिक महिला की शादी 6 साल पूर्व हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। प्रथम दृष्टया यह पारिवारिक क्लेश का मामला लगता है। एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीम सर्च आपरेशन में लगी हुई है। जिस जगह से महिला ने छलांग लगाई है, वहां पर पानी का बहाव बहुत तेज है। जिस कारण महिला का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

यह भी पढ़ें:

श्रीनगर गढ़वाल : गहरी खाई में गिरा वाहन, एक की मौत, तीन लोग घायल