पौड़ी। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) की ओर से नयारघाटी के बिलखेत में आयोजित 30 दिवसीय पैराग्लाइडिंग अभ्यास शिविर का शुभारंभ बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय विधायक राजकुमार पोरी ने किया। विधायक ने हरी झंडी दिखाकर पैराग्लाइडिंग अभ्यास का शुभारंभ करते हुए प्रशिक्षणार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
इस अभ्यास शिविर में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे 20 प्रशिक्षणार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। शिविर के माध्यम से युवाओं को पैराग्लाइडिंग की तकनीकी जानकारी के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि बिलखेत क्षेत्र में एयरो स्पोर्ट्स की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए बिलखेत में राष्ट्रीय स्तर का पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण संस्थान विकसित करने की दिशा में कार्यवाही गतिमान है।
उन्होंने कहा कि नयार घाटी को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए कई योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। नयार नदी में एंग्लिंग, बोटिंग सहित पर्यटन से जुड़ी अन्य गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजनाएं भी प्रस्तावित हैं। इन योजनाओं के धरातल पर आने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कमल किशोर जोशी ने बताया कि 01 से 30 अक्टूबर तक चलने वाले इस 30 दिवसीय अभ्यास शिविर में यूटीडीबी के पैराग्लाइडिंग विशेषज्ञ बलवंत कपकोटी के निर्देशन में प्रशिक्षणार्थी नियमित अभ्यास करेंगे। इस दौरान उन्हें उड़ान तकनीक, सुरक्षा मानकों और पैराग्लाइडिंग की विभिन्न तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभ्यास के दौरान प्रशिक्षणार्थी ढाढ़ूखाल से टेक-ऑफ कर बिलखेत के समीप स्थित मैदान में लैंडिंग का अभ्यास करेंगे।
शिविर में टिहरी, भीमताल, देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए 20 प्रशिक्षणार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। इस अवसर पर पैराग्लाइडिंग विशेषज्ञ विक्रम सिंह नेगी, किसान आयोग के सदस्य ओम प्रकाश जुगरान, संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद के सदस्य राकेश नौडियाल, ग्राम प्रधान बिलखेत रश्मि देवी, प्रशिक्षक बलवंत कपकोटी सहित स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।













