पौड़ी, 01 अक्टूबर 2026: जनपद पौड़ी गढ़वाल में किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य उपलब्ध कराने और पहाड़ी क्षेत्रों में पारंपरिक खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मिलेट्स मिशन योजना के तहत आज 01 अक्टूबर से मिलेट्स खरीद अभियान शुरू हो गया है। जनपद में बहुद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों के माध्यम से वर्तमान में 17 क्रय केंद्रों पर किसानों से मंडुवा सहित अन्य पहाड़ी उपज की खरीद की जाएगी। किसानों की सुविधा, उपज की उपलब्धता और आवश्यकता के अनुसार क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ायी भी जा सकती है।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संबंधित अधिकारियों को क्रय केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित क्रय केंद्रों पर अपनी उपज उपलब्ध कराकर सरकार द्वारा निर्धारित खरीद मूल्य का लाभ उठाएं।
इस वर्ष प्रदेशभर में कुल 250 क्रय केंद्रों के माध्यम से मंडुवा, झंगोरा, दालें, तिलहन, चौलाई सहित अन्य पहाड़ी उत्पादों की खरीद की जाएगी। उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ (यूसीएफ) के माध्यम से गढ़वाल एवं कुमाऊं मंडलों में किसानों से सीधे उपज की खरीद की जाएगी। वहीं, अन्य पहाड़ी उत्पादों की खरीद बाजार मूल्य के आधार पर यूसीएफ हाट के माध्यम से की जाएगी।
वर्ष 2026-27 के लिए मंडुवा का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5,205 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष के 4,886 रुपये प्रति क्विंटल की तुलना में 319 रुपये अधिक है। वर्ष 2025-26 में जनपद पौड़ी में 17 क्रय केंद्रों के माध्यम से 831 किसानों से कुल 10,941 क्विंटल मंडुवा की खरीद की गई थी। इस दौरान कृषि विभाग द्वारा क्रय केंद्रों पर मंडुवा उपलब्ध कराने वाले स्वयं सहायता समूहों/समूहों को 150 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी किया गया।
सहकारिता निबंधक सुमन कुमार ने बताया कि जनपद में मंडुवा खरीद के लिए 17 क्रय केंद्रों की व्यवस्था की गई है। किसानों की सुविधा और उपज की उपलब्धता के आधार पर आवश्यकता पड़ने पर क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने किसानों से निर्धारित क्रय केंद्रों पर अपनी उपज उपलब्ध कराने की अपील की है।













