ग्रेटर नोएडा : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा यमुना क्षेत्र में लगातार औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। कोरोना संकट काल के दौरान प्राधिकरण द्वारा औद्योगिक भूखंडों का आवंटन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जा रहा है। यमुना प्राधिकरण की अपैरल पार्क योजना के अंतर्गत मंगलवार को प्राधिकरण सीईओ डॉ. अरुण वीर सिंह की अध्यक्षता में सेक्टर-29 के अंतर्गत 04 औद्योगिक भूखंडों का आवंटन किया गया। इस आवंटन से प्राधिकरण क्षेत्र में कुल 17.52 करोड़ रूपये का निवेश तथा 1573 नए रोजगार पैदा होंगे। प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुण वीर सिंह ने बताया कि प्राधिकरण की अपैरल पार्क योजना में रुचि दिखाने वाले उद्यमियों को भूखंड आवंटित किए जा रहे हैं। योजना में आवेदन करने वाले 04 आवेदकों का मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से साक्षात्कार एवं प्रजेंटेशन किया गया। साक्षात्कार में सफल होने पर रेडीमेड गारमेंट मैनुफैक्चरिंग के चार आवेदकों (M/S. Alka Enterprises, M/S. SriHans Enterprises, M/S. Home Fashions and M/S. CRV Impex) को 1.25 एकड़ भूमि आवंटित की गई। चारों उद्यमियों द्वारा कुल 17.52 करोड़ का निवेश किया जाएगा। इससे 1573 नए रोजगार पैदा होंगे। सीईओ ने बताया कि अपैरल पार्क योजना में आवेदन की अंतिम स्थिति 31 जुलाई है। योजना में इच्छुक उद्यमी निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना के अंतर्गत 4 हजार वर्गमीटर से छोटे भूखंडों का आवंटन ड्रा के माध्यम से किया जायेगा जबकि 4 हजार वर्गमीटर से बड़े भूखंडों का आवंटन साक्षात्कार एवं प्रजेंटेशन के माध्यम से किया जायेगा।













